मुजफ्फरपुर के मनियारी से श्याम कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के कुढ़नी प्रखंड स्थित रामपुर बलड़ा बाजार मंगलवार को पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया. आदि शक्ति मां भगवती मंदिर परिसर में तीन दिवसीय ‘काली दुर्गे राधेश्याम गौरी शंकर सीताराम’ अष्टयाम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ. महायज्ञ की शुरुआत के साथ इलाके में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बन गया.
501 कन्याओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
महायज्ञ के शुभारंभ पर 501 कुंवारी कन्याओं ने सिर पर कलश रखकर विशाल शोभायात्रा निकाली. यात्रा में हाथी, घोड़े और बैंड-बाजे की आकर्षक प्रस्तुति लोगों के आकर्षण का केंद्र रही. पूरे रास्ते श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई जलभरी
पुजारी संजय झा और गणेश झा की देखरेख में श्रद्धालु झिकटी कदाने नदी तट पहुंचे. वहां वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच कलश में पवित्र जल भरा गया. इसके बाद शोभायात्रा पुनः यज्ञ स्थल पहुंची, जहां विधिवत कलश स्थापना की गई.
यजमान ने सपत्नीक दी पहली आहुति
महायज्ञ में यजमान रविन्द्र झा ने अपनी पत्नी के साथ वैदिक रीति-रिवाज से पहली आहुति दी. इसके साथ ही तीन दिवसीय अष्टयाम महायज्ञ विधिवत शुरू हो गया. पूरे मंदिर परिसर में भक्ति गीत और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा.
समापन पर होगा विशाल भंडारा
आयोजकों ने बताया कि महायज्ञ के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा. इसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है.
