मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित राघोपुर में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी. बेखौफ बदमाशों ने सीआरपीएफ जवान के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहनों की चोरी कर ली. घटना के बाद आसपास के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है.
सीआरपीएफ जवान के घर को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, राघोपुर निवासी सीआरपीएफ जवान बैजू कुमार फिलहाल ड्यूटी पर तैनात हैं. इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया. घर में मौजूद अलमारी और गोदरेज का ताला तोड़कर बदमाशों ने कीमती जेवरात समेट लिए.
बेटियों के शादी के गहने हुए चोरी
पीड़ित परिवार की सदस्य मंजू देवी ने बताया कि चोरी हुए सामान में सोने का हार, मंगलसूत्र, टीका, नथिया समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं. परिवार के मुताबिक चोरी गए गहनों की कीमत करीब 10 से 15 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है.
खाली घर का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
परिजनों ने बताया कि पिछले कई दिनों से घर पूरी तरह खाली नहीं रहता था. परिवार के सदस्य रात में रुकते भी थे, लेकिन घटना वाली रात घर में कोई मौजूद नहीं था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. वहीं सीआरपीएफ जवान बैजू कुमार को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. इलाके के लोगों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है.
