मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के रिक्त पदों को भरने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. जिला प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर पूरी तैयारी कर ली है. 29 और 30 मई 2026 को विभिन्न नगर निकायों में मतदान कराया जाएगा. चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन की ओर से खास इंतजाम किए गए हैं. मतदान से लेकर मतगणना और परिणाम घोषित होने तक पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी.
जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर सभी नगर निकायों के लिए निर्वाची पदाधिकारी और प्रेक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों की तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने का काम तेजी से चल रहा है.
दो चरणों में होगा मतदान
जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 मई को नगर परिषद मोतीपुर, कांटी, साहेबगंज, मुरौल और तुर्की में मतदान कराया जाएगा. वहीं 30 मई को नगर पंचायत सकरा, माधोपुर सुस्ता, बरूराज, मीनापुर, सरैया और नगर निगम मुजफ्फरपुर में चुनाव होंगे. नगर निगम का मतदान जिला सभागार में, जबकि अन्य निकायों का मतदान संबंधित प्रखंड सभागारों में कराया जाएगा.
हर गतिविधि पर रहेगी प्रशासन की नजर
डीएम ने साफ कहा है कि चुनाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. सभी अधिकारियों को समय से पहले मतदान स्थल पहुंचने का निर्देश दिया गया है. एसडीओ और स्थानीय पुलिस अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है. प्रेक्षक पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को देंगे.
विकास योजनाओं के लिए अहम है समिति
सशक्त स्थायी समिति नगर निकायों की सबसे महत्वपूर्ण इकाई मानी जाती है. वित्तीय और प्रशासनिक फैसलों में इसकी बड़ी भूमिका होती है. लंबे समय से पद खाली रहने की वजह से कई विकास योजनाएं प्रभावित थीं. चुनाव के बाद विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
