Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले में पारू के फतेहाबाद में गंडक नदी पर बन रहे करीब तीन किलोमीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. इस पुल के एप्रोच पथ का अब विस्तार किया जाएगा, जिसके तहत सड़क को सीधे कमलपुरा चौक तक जोड़ा जाएगा. इस महत्वपूर्ण विस्तार के लिए कुल 6.96 एकड़ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया जाना है.
पुल निर्माण निगम ने डीएम को भेजा प्रस्ताव
पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता आलोक कुमार ने इस विस्तारीकरण का विस्तृत प्रस्ताव जिलाधिकारी (डीएम) को भेज दिया है. हाल ही में डीएम ने खुद इस परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया था, जिसके बाद यह नया फैसला लिया गया है. डीएम द्वारा इस प्रस्ताव का अवलोकन करने के बाद इसे अंतिम स्वीकृति के लिए पटना मुख्यालय भेजा जाएगा.
आठ मौजा में शुरू होगी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया
एप्रोच पथ को कमलपुरा चौक तक बढ़ाने के लिए कुल आठ मौजा में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. पुल निर्माण निगम ने भूमि अधिग्रहण को लेकर मौजावार ब्योरा तैयार कर जिला प्रशासन को सौंप दिया है. निगम के अनुसार, वर्तमान ग्रामीण पथ के दोनों तरफ भूमि की उपलब्धता की बारीकी से जांच की जा चुकी है.
15 मीटर चौड़ाई की जरूरत, निजी जमीन से पूरी होगी कमी
जांच में यह बात सामने आई है कि वर्तमान रास्ता ग्रामीण कार्य विभाग के अधीन है और कई जगहों पर इसकी चौड़ाई बेहद कम है. वहां महज छह से आठ मीटर ही सरकारी भूमि उपलब्ध है, जबकि मानक एप्रोच पथ के निर्माण के लिए कुल 15 मीटर चौड़ाई की आवश्यकता है. इसी कमी को पूरा करने के लिए 6.96 एकड़ निजी भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा.
समझें जमीन की पूरी गणित और समय सीमा
- कुल आवश्यक चौड़ाई:15 मीटर
- कुल आवश्यक भूमि: 33.54 एकड़
- उपलब्ध सरकारी भूमि: 26.58 एकड़
- अधिग्रहण होने वाली अतिरिक्त भूमि: 6.96 एकड़
आमतौर पर नदी पर बनने वाले इस तरह के बड़े पुलों और एप्रोच रोड के निर्माण में जमीन मिलने के बाद कम से कम 24 से 30 महीने का समय लगता है. यदि भूमि अधिग्रहण का काम समय पर पूरा हो जाता है, तो यह पुल 2028 के अंत तक या 2029 की शुरुआत में पूरी तरह बनकर तैयार हो सकता है. इससे स्थानीय लोगों को कमलपुरा चौक तक बेहतरीन कनेक्टिविटी मिलेगी.
मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपार्ट
