Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित अंचल कार्यालय में सोमवार को अंचलाधिकारी (सीओ) विश्वजीत कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. सुबह से लेकर शाम तक चले इस जनता दरबार में भूमि विवाद से संबंधित विभिन्न मामलों की विस्तृत सुनवाई की गई. अंचल क्षेत्र के कोने-कोने से पहुंचे कुल 38 फरियादियों ने अपनी-अपनी जमीन से जुड़ी समस्याएं सीओ के सामने रखीं और निष्पक्ष जांच व त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई.
पैमाइश और रकबा सुधार के आए मामले
जनता दरबार में अंचल क्षेत्र के बिशनपुर खेतल निवासी शिव लाल साह ने अपनी जमीन की पैमाइश (नापी) एवं दखल-कब्जा को लेकर एक आवेदन दिया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ विश्वजीत कुमार ने तुरंत संबंधित राजस्व कर्मचारी को तलब कर इस पर जांच प्रतिवेदन सौंपने का आदेश दिया. वहीं, एक अन्य आवेदक ने अपनी जमीन की रसीद में एक डिसमिल रकबा कम दर्ज होने तथा परिमार्जन से जुड़ी गंभीर समस्या रखी. इस शिकायत पर सीओ ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आवेदक को ई-प्लस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर रकबा सुधार कराने का तकनीकी निर्देश दिया.
दाखिल-खारिज की समस्या पर शनिवार को बुलावा
इसके अलावा, उनसर पंचायत से आए एक अन्य आवेदक ने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से जुड़ी अपनी परेशानी को जनता दरबार में रखा. इस मामले को लेकर सीओ ने आवेदक को आगामी शनिवार को आयोजित होने वाले शनिवारिय जनता दरबार में सभी आवश्यक राजस्व कागजातों के साथ उपस्थित होने को कहा. उन्होंने आश्वस्त किया कि कागजातों की जांच कर समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाएगा.जनता दरबार में आए अन्य लोगों की शिकायतों को वन-टू-वन सुनते हुए सीओ ने कई मामलों में ऑन द स्पॉट राजस्व कर्मचारियों को फील्ड में जाकर आवश्यक जांच एवं कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया. इस मौके पर राजस्व कर्मचारी संजीव कुमार, अंचल प्रधान सहायक अर्जुन कुमार समेत अन्य अंचल कर्मी मौजूद रहे और जन समस्याओं के त्वरित निष्पादन में अपना सहयोग दिया.
मुजफ्फरपुर के बोचहा से चंद्रभूषण कुमार रिपोर्ट
