Muzaffarpur News: शंख और घंटों की गूंज से शिवमय हुआ बाबा गरीबनाथ मंदिर, मंगला आरती में उमड़े श्रद्धालु

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर में गुरुवार को विशेष पूजा-अर्चना हुई. पं. बच्चा पाठक ने मंगला आरती की, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया. दिन भर जलाभिषेक और सत्यनारायण पूजा के लिए भक्तों का तांता लगा रहा. शाम को दर्शन पुन: खुलेंगे. पढ़ें पूरी खबर...

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में गुरुवार का दिन बेहद भक्तिमय रहा. सुबह से ही मंदिर परिसर शंख, घंटों की ध्वनि और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा. शिव भक्तों ने पूरे विधि-विधान से बाबा की पूजा-अर्चना की और उनका अलौकिक आशीर्वाद प्राप्त किया.

मंगला आरती में भक्तों का सैलाब उमड़ा

गुरुवार की सुबह मंदिर के सेवइत परिवार के पं. बच्चा पाठक ने सबसे पहले बाबा गरीबनाथ का षोडशोपचार पूजन किया और उन्हें आकर्षक फूलों से सजाया. इसके बाद बाबा की भव्य मंगला आरती उतारी गई. इस मनमोहक आरती के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय भक्त मौजूद रहे. शंख और मंदिर के घंटों की गूंज ने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया. बाबा के जयकारे से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा. मंगला आरती के संपन्न होने के बाद जलाभिषेक की शुरुआत हुई, जिसमें भक्तों ने श्रद्धापूर्वक बाबा को जल, फूल और बेलपत्र अर्पित किए. इसके साथ ही, सत्यनारायण भगवान की कथा और पूजा के लिए सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों का तांता लगा रहा.

जानिए कब तक कर सकेंगे दर्शन

मंदिर के तय कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर में प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक बाबा की महाआरती करेंगे, जिसके बाद शयन के लिए गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए जाएंगे. शाम चार बजे गर्भगृह दोबारा खोला जाएगा और रात नौ बजे तक भक्त दर्शन कर सकेंगे. इसके बाद रात साढ़े नौ बजे सेवइत परिवार के पं. आशुतोष पाठक बाबा का विशेष शृंगार और प्रधान आरती करेंगे, जिसके बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

Aaruni Thakur is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >