मुजफ्फरपुर गरीबनाथ मंदिर में गेंदा-गुलाब से सजा बाबा का दरबार, मंगला आरती में उमड़ी भारी भीड़

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर में 8 मई को गेंदा और गुलाब के फूलों से बाबा का भव्य शृंगार किया गया. मंगला आरती के बाद जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. जानिए दिनभर की पूजा का समय...

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध गरीबनाथ मंदिर में शुक्रवार, 8 मई की सुबह भक्ति और आस्था के अद्भुत संगम के साथ हुई. सुबह-सुबह बाबा गरीबनाथ का विशेष शृंगार और मंगला आरती की गई, जिसमें शामिल होकर श्रद्धालुओं ने पुण्य कमाया. गेंदा और गुलाब के फूलों से सजे बाबा के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर भक्त निहाल हो गए. सुबह से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजने लगे और शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

गेंदा और गुलाब के फूलों से हुआ बाबा का अलौकिक शृंगार

गरीबनाथ मंदिर में शुक्रवार की सुबह सेवइत परिवार के पं. बैजू पाठक ने पूरे विधि-विधान से बाबा को स्नान कराया और पूजा-अर्चना की. इसके बाद गेंदा और गुलाब के ताजे फूलों से बाबा का भव्य शृंगार किया गया. बाबा के साथ-साथ उनके प्रिय नंदी को भी फूलों की माला पहनाकर पूजा की गई. शृंगार के बाद बाबा की मंगला आरती संपन्न हुई. आरती के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ मौजूद रही, जो एक झलक पाने को आतुर दिखी.

जलाभिषेक के लिए उमड़ी भीड़, दोपहर में होगा शयन

मंगला आरती के बाद जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लग गया. सुबह से ही लोग कतारों में लगकर बाबा को जल अर्पित कर रहे हैं. मंदिर के कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर ढाई बजे प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक बाबा की विशेष पूजा और आरती करेंगे. इसके पश्चात बाबा के शयन के लिए गर्भगृह का कपाट बंद कर दिया जाएगा, जो शाम चार बजे दोबारा भक्तों के दर्शन के लिए खोला जाएगा.

रात्रि में होगी बाबा की प्रधान आरती और कपाट बंद

शाम चार बजे कपाट खुलने के बाद रात नौ बजे तक श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे. रात्रि साढ़े नौ बजे बाबा की विधिवत पूजा होगी और उन्हें रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया जाएगा. अंत में प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक द्वारा बाबा की प्रधान आरती की जाएगी, जिसके बाद गर्भगृह के कपाट मंगल कर दिए जाएंगे. बाबा के दरबार में आज दिनभर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

Aaruni Thakur is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >