Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर से दो मासूम बच्चों के साथ विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता

Muzaffarpur News: मोतीपुर के राजेपुर ओपी क्षेत्र से दो बच्चों संग एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. मायके जाने के लिए घर से निकली महिला का सुराग न मिलने पर पति ने अनहोनी की आशंका जताई है.पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर अनुमंडल अंतर्गत राजेपुर ओपी क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है. यहां के एक गांव से 28 वर्षीय एक विवाहिता अपने दो मासूम बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है.

मायके जाने के लिए निकली थी, नहीं पहुंची

घटना के संबंध में लापता महिला के पति ने राजेपुर ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन में बताया गया है कि बीती 10 मई को महिला अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर और हाथ में बैग थामे मायके जाने के लिए घर से निकली थी. हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी वह न तो अपने मायके पहुंची और न ही वापस अपने ससुराल लौटी. रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन करने के बाद भी उनका कहीं सुराग नहीं मिला.

पति गुजरात और मां दिल्ली में थीं मौजूद

पीड़ित पति ने बताया कि जब यह घटना हुई, उस समय वह काम के सिलसिले में गुजरात में था. वहीं, घर पर मौजूद उसकी मां भी अपने छोटे बेटे से मिलने दिल्ली गई हुई थी. घर में किसी बड़े सदस्य के न होने के दौरान महिला बच्चों को लेकर निकली थी.पति ने अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ किसी अनहोनी आशंका जताई है.

पुलिस ने शुरू की तलाश, जांच जारी

राजेपुर ओपी अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पति से आवेदन प्राप्त हो चुका है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सनहा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.पुलिस तकनीकी माध्यमों और मोबाइल लोकेशन के जरिए लापता महिला और बच्चों की तलाश में जुटी है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके.

मुज़फ़्फ़रपुर के मोतीपुर से अशोक पांडेय की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sumit kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >