Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है.यहाँकलमबाग चौक स्थित एक कोचिंग संस्थान गई 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा का अपहरण कर लिया गया है. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और दहशत में है. छात्रा के पिता ने स्थानीय थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
कोचिंग के सहपाठी पर अपहरण का आरोप
परिजनों के अनुसार, छात्रा सुबह करीब 10:00 बजे घर से कोचिंग के लिए निकली थी. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान पता चला कि कोचिंग में ही साथ पढ़ने वाले एक युवक ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों की मदद से छात्रा को जबरन गाड़ी में बिठाया और फरार हो गया.
आरोपी के पिता ने दी हत्या की धमकी
पीड़ित पिता का आरोप है कि जब वे अपनी बेटी की गुहार लेकर आरोपी के घर सुमेरा पहुंचे, तो वहां उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया. आरोपी के पिता ने पीड़ित परिवार को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. आरोपियों ने स्पष्ट कहा कि यदि दोबारा यहाँ आए या पुलिस को सूचना दी, तो लड़की की हत्या कर दी जाएगी. पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
मुजफ्फरपुर से प्रिमांशु शेखर की रिपोर्ट
