Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित अघोरिया बाजार के एक परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिरफिरा युवक स्नातक की परीक्षा दे रही छात्रा के साथ बदसलूकी करने लगा. आरोपी युवक न केवल परीक्षा हॉल में जबरन घुस गया, बल्कि छात्रा का हाथ पकड़कर उसे क्लासरूम से बाहर घसीटने लगा. इस दौरान उसने पूरे हॉल के सामने चिल्लाते हुए धमकी दी कि अगर छात्रा ने उससे शादी नहीं की, तो वह उसे गोली मार देगा.
एकतरफा प्यार में हैक किया मोबाइल, फोटो वायरल करने की धमकी
छात्रा और आरोपी युवक दोनों पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. छात्रा मुजफ्फरपुर के रामेश्वर सिंह कॉलेज में पढ़ाई करती है.पीड़िता के अनुसार, करीब तीन साल पहले कॉलेज में दोनों की सामान्य दोस्ती हुई थी, जिसे युवक एकतरफा प्यार समझ बैठा. छात्रा का आरोप है कि युवक उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा है. उसने छात्रा का मोबाइल तक हैक कर लिया है और निजी फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है.
दो बार तुड़वाई शादी, अब जान से मारने की दी धमकी
सिरफिरे युवक की इस हरकत से छात्रा की निजी जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो गई है. परिजनों का कहना है कि छात्रा की शादी दो बार तय हुई, लेकिन दोनों ही बार आरोपी ने लड़के वालों को डरा-धमकाकर और गलत जानकारी देकर रिश्ता तुड़वादिया. वह लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था और मंगलवार को परीक्षा केंद्र पर उसने सारी सीमाएं लांघ दीं.
कॉलेज प्रशासन ने आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंपा
छात्रा को हॉल से घसीटता देख वहां मौजूद अन्य परीक्षार्थी और वीक्षक सन्न रह गए. शोर मचने पर कॉलेज कर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया. सूचना मिलते ही काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और छात्रा के बयान पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
