मुजफ्फरपुर: मीनापुर में आंधी का कहर, घर पर पेड़ गिरने से भाई-बहन की दर्दनाक मौत

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मीनापुर में तेज आंधी के दौरान ताड़ का पेड़ घर पर गिर गया. हादसे में सो रहे दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि मां समेत तीन अन्य घायल हुए. पुलिस मामले की जांच और मुआवजा प्रक्रिया में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना क्षेत्र के खरार गांव में मंगलवार देर रात आई तेज आंधी एक परिवार के लिए काल बन गई. रात करीब ढाई बजे अचानक तेज हवा के बीच एक विशाल ताड़ का पेड़ घर पर गिर पड़ा. हादसे में घर में सो रहे दो मासूम सगे भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी मां समेत तीन अन्य बच्चे घायल हो गए.

सोते वक्त टूट पड़ा मौत बनकर ताड़ का पेड़

मृत बच्चों की पहचान मुकेश राम के 10 वर्षीय पुत्र आदित्य राज और आठ वर्षीय पुत्री स्मृति कुमारी के रूप में हुई है. बताया गया कि हादसे के समय दोनों बच्चे अपनी मां और अन्य भाई-बहनों के साथ घर में सो रहे थे. तेज आंधी के दौरान घर के पास लगा ताड़ का पेड़ उखड़कर सीधे मकान पर गिर गया.

ग्रामीणों ने मलबा हटाकर निकाले शव

घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद पेड़ व मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. हादसे में घायल मां और अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया.

पिता ने लगाया गंभीर आरोप

मृत बच्चों के पिता मुकेश राम ने पेड़ मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि ताड़ का पेड़ काफी समय से जर्जर हालत में था और उसे हटाने की कई बार मांग की गई थी. आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी जाती थी.

गांव में पसरा मातम

इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. मां बार-बार बेहोश हो जा रही है. ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं.

पुलिस जांच में जुटी

मीनापुर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मुआवजा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >