Muzaffarpur News: सरकारी स्कूल से बिजली का तार चोरी, बच्चों के सामने गहराया पेयजल संकट

Muzaffarpur News: कुढ़नी में राजकीय प्राथमिक विद्यालय, अमरख से चोरों ने 60 मीटर बिजली का तार उड़ा लिया. इस चोरी के कारण स्कूल का मोटर बंद हो गया है और बच्चों के लिए पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो गया है. पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत मनियारी थाना क्षेत्र के दक्षिण टोला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, अमरख में चोरों ने दुस्साहस दिखाया है. मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल परिसर से लगभग 60 मीटर तांबे का बिजली का तार काटकर चोरी कर लिया. इस घटना के बाद से स्कूल में पानी की सप्लाई ठप हो गई है.

मोटर नहीं चलने पर हुई घटना की जानकारी

चोरी का खुलासा बुधवार सुबह तब हुआ जब स्कूल खुलने पर मोटर चलाने की कोशिश की गई. मोटर नहीं चलने पर जब जांच की गई, तो पता चला कि सबमर्सिबल पंप को जोड़ने वाला तांबे का तार गायब है. तार चोरी होने की वजह से स्कूल की जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे स्कूली बच्चों के सामने पीने के पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है.

थाने में लिखित शिकायत दर्ज

विद्यालय के प्रधान शिक्षक अभिषेक कुमार ने बुधवार को मनियारी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है. स्थानीय वार्ड सदस्य अवधेश कुमार ने भी पुलिस प्रशासन से इस मामले में त्वरित जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि स्कूलों को निशाना बनाने वाले गिरोह पर नकेल कसना जरूरी है.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

मनियारी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे स्थानीय चोरों का हाथ है या कोई पेशेवर गिरोह सक्रिय है. फिलहाल स्कूल प्रशासन वैकल्पिक माध्यमों से बच्चों के लिए पानी की व्यवस्था करने की कोशिश में जुटा है.

मनियारी से श्याम कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >