मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में गर्मी बढ़ने के साथ ही आवारा कुत्तों का आतंक भी तेजी से बढ़ता जा रहा है. जिले में डॉग बाइट के मामलों में अचानक उछाल आया है. हालत यह है कि मॉडल अस्पताल में रोजाना 30 से 35 लोग एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि तेज गर्मी और पानी की कमी के कारण कुत्ते ज्यादा आक्रामक हो रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों पर हमले की घटनाएं बढ़ी हैं.
ग्रामीण इलाकों में ज्यादा बढ़ा खतरा
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा मामले ग्रामीण क्षेत्रों से सामने आ रहे हैं. गांवों में आवारा कुत्तों के झुंड राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं. खासकर बच्चे और बुजुर्ग आसानी से इनका शिकार बन रहे हैं. लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है.
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. डॉक्टरों का कहना है कि अगर किसी को कुत्ता काट ले तो सबसे पहले घाव को साबुन और साफ पानी से 10 से 15 मिनट तक धोना चाहिए. इससे संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है.
घरेलू इलाज से बचने की सलाह
डॉक्टरों ने साफ कहा है कि जख्म पर मिट्टी, तेल, मिर्च या अन्य घरेलू चीजें लगाने से बचें. ऐसा करने से संक्रमण और बढ़ सकता है. कुत्ता काटने के बाद तुरंत अस्पताल जाकर एंटी-रैबीज इंजेक्शन लेना जरूरी है.
अस्पताल में वैक्सीन की व्यवस्था बढ़ाई गई
मॉडल अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एंटी-रैबीज वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है. अस्पताल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी मरीज को इलाज के बिना वापस नहीं भेजा जाएगा.
