मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के पीजी विभागों और कॉलेजों में संचालित होने वाले वोकेशनल कोर्सों में नामांकन की रफ्तार पर पूरी तरह से ब्रेक लग गया है. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अचानक ठप हो जाने के कारण छात्र पिछले 15 दिनों से विश्वविद्यालय और कॉलेजों के चक्कर काटने को मजबूर हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन की इस लचर व्यवस्था से छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
बिना कारण बताए बंद किया पुराना पोर्टल
दरअसल, विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले १२ से ३० मई तक ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि निर्धारित की थी. इसके तहत पोर्टल खोला भी गया, लेकिन खुलने के तुरंत बाद बिना कोई स्पष्ट कारण बताए पोर्टल को अचानक बंद कर दिया गया. अब विश्वविद्यालय प्रशासन इन वोकेशनल कोर्सों के आवेदन की पूरी प्रक्रिया को ‘समर्थ पोर्टल’ पर शिफ्ट करने की नई योजना बना रहा है. सीसीडीसी प्रो. टीके डे ने बताया कि तकनीकी शिफ्टिंग की तैयारी अंतिम चरण में है और जल्द ही समर्थ पोर्टल पर नया लिंक एक्टिव कर दिया जाएगा.
लेट-लतीफी से बंद होने के कगार पर पहुंचे कई वोकेशनल कोर्स
इधर, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. प्राचार्यों का कहना है कि हर साल विश्वविद्यालय की इसी लेट-लतीफी के कारण वोकेशनल कोर्सों का पूरा सत्र और नामांकन बुरी तरह प्रभावित होता है. जब से सेंट्रलाइज्ड सिस्टम लागू किया गया है, तब से कई महत्वपूर्ण कोर्स बंद होने की कगार पर पहुंच चुके हैं. प्राचार्यों को डर है कि यदि समर्थ पोर्टल पर लिंक एक्टिव होने में और देरी हुई, तो छात्र दूसरे विश्वविद्यालयों या सामान्य पारंपरिक कोर्सों का रुख कर लेंगे. ऐसे में इस सत्र में भी कॉलेजों के वोकेशनल कोर्सों की सीटें भरना बेहद मुश्किल हो जाएगा.
