मुजफ्फरपुर: ईदगाहों में उमड़ा अकीदतमंदों का हुजूम, मुल्क के लिए मांगी अमन-चैन की दुआ

Muzaffarpur News: बकरीद का त्योहार हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है. ईदगाहों में नमाज के बाद देश में अमन-चैन की दुआ मांगी गई. प्रशासन की मुस्तैदी से पूरे शहर में शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ है. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से विनय की रिपोर्ट

Muzaffarpur News:  उत्तर बिहार की व्यावसायिक राजधानी मुजफ्फरपुर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार पूरे अकीदत, पारंपरिक हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है. सुबह से ही पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना हुआ है. मुस्लिम बाहुल्य इलाकों के साथ-साथ शहर के खादी भंडार, मरीपुर और जूरन छपरा समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में बकरीद की खास रौनक और चहल-पहल दिखाई दे रही है.

सामूहिक नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद

त्योहार को लेकर सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. नए-नए परिधानों में सजे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक साथ मिलकर ईद की विशेष नमाज अदा की. इस दौरान हजारों सिर एक साथ अल्लाह की बारगाह में झुके और सभी ने सामूहिक रूप से देश में अमन, चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगीं. नमाज मुकम्मल होने के बाद ईदगाह परिसर भाईचारे के रंग में सराबोर नजर आया, जहां लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की दिली मुबारकबाद दी.

बाजारों में चहल-पहल, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

नमाज संपन्न होने के बाद घरों में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ, जो पारंपरिक रूप से तीन दिनों तक चलेगा. त्योहार को लेकर बाजारों में भी सुबह से ही भारी चहल-पहल बनी हुई है. लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं और अपने रिश्तेदारों व दोस्तों के घर जाकर त्योहार की खुशियां बांट रहे हैं. इधर, जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है, जिससे पूरे शहर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >