मुजफ्फरपुर: बैरिया बस स्टैंड का 104 करोड़ से कायाकल्प, मिलेंगी थ्री-स्टार होटल जैसी सुविधाएं

Muzaffarpur News: बैरिया बस स्टैंड को 104.83 करोड़ की लागत से उत्तर बिहार का सबसे अत्याधुनिक टर्मिनल बनाया जाएगा. इसमें यात्रियों को थ्री-स्टार होटल जैसी सुविधाएं और ई-बस चार्जिंग स्टेशन मिलेंगे. जानिए पूरी खबर…

Muzaffarpur News: पूरे उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. बिहार सरकार ने ‘अर्बन चैलेंज फंड’ मिशन के तहत मुजफ्फरपुर के अमर शहीद बैकुंठ शुक्ल बस स्टैंड (बैरिया) के व्यापक कायाकल्प को मंजूरी दे दी है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 104.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके तहत बैरिया बस स्टैंड को सिर्फ एक बस पड़ाव नहीं, बल्कि उत्तर बिहार का सबसे आधुनिक इंटरस्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) बनाया जाएगा.

स्मार्ट सिटी फंड के बाद मिला 104 करोड़ का बूस्टर

वर्तमान में स्मार्ट सिटी कंपनी लिमिटेड द्वारा करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है. अब अर्बन चैलेंज फंड से 104.83 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मिलने के बाद इसका दायरा काफी बढ़ गया है. इस मेगा प्रोजेक्ट को पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर विकसित किया जाएगा, जिसे पूरा करने के लिए 15 महीने का लक्ष्य रखा गया है. इसके संचालन से मुजफ्फरपुर नगर निगम को हर साल करीब 4.50 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा.

जी+2 भवन, डॉर्मिटरी और ई-बस चार्जिंग स्टेशन

नई योजना के तहत बस स्टैंड के मुख्य भवन को तीन मंजिला (जी+2) बनाया जाएगा. परिसर में यात्रियों के लिए थ्री-स्टार होटल जैसी सुविधाएं, आधुनिक डॉर्मिटरी, रेस्टोरेंट और बेहतर प्रतीक्षालय विकसित किए जाएंगे. इसके साथ ही, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए परिसर में अत्याधुनिक ई-बस चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा.

मोतीपुर को ‘टाउन सेंटर’ और झंझारपुर को मिला ‘ट्रांजिट हब’

मुजफ्फरपुर के मोतीपुर नगर परिषद क्षेत्र को 58.78 करोड़ की लागत से ‘टाउन सेंटर’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां आधुनिक बाजार और नगर परिषद कार्यालय बनेगा. वहीं, मधुबनी के झंझारपुर में एनएच-27 के पास 110 करोड़ की लागत से ‘इंटीग्रेटेड हाईवे ट्रांजिट हब’ बनेगा. इसमें मल्टीलेवल पार्किंग, रूफटॉप फूड कोर्ट और आर्टिजन हाट जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी.

मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >