शाम तक मिले अपडेट के अनुसार
Muzaffarpur Crime: जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित शाहबाजपुर मठ के पास सोमवार देर रात एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई. तीनों शव घर के कमरे में पलंग पर कपड़े से लिपटे हुए मिले हैं. प्रथम दृष्टया गला घोंटने की आशंका जताई जा रही है, घटना के संबंध में ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि शवों के गले पर निशान है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जमीन विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है.
हत्या या आत्महत्या अभी पुष्टि नहीं- पुलिस
मृतकों की पहचान संतोष कुमार की पत्नी रीता देवी (30), बेटी वैष्णवी (2) और तीन माह के बेटे कन्हैया के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है.
पति बारात से लौटा तो घर में मिले तीनों के शव
मृतका के पति संतोष कुमार, जो कैटरिंग का काम करते हैं, ने बताया कि वह सोमवार रात करीब 10 बजे अपने भाई के साथ समस्तीपुर एक बारात में गए थे. देर रात करीब 3:30 बजे लौटने पर घर बाहर से बंद मिला. किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो पत्नी और दोनों बच्चों के शव देखकर स्तब्ध रह गए.
बताया जा रहा है कि संतोष के चार बच्चे हैं. घटना के समय दो बच्चे आदित्य और नित्या दादी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका की सास उर्मिला देवी ने गांव के कुछ लोगों पर जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि पहले भी उनके बेटे को धमकी दी गई थी. पुलिस ने बताया कि पति का बयान दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
कांटी से सुमित और दीपक की रिपोर्ट
