Muzaffarpur News: शहर के स्टेशन रोड में पार्किंग शुल्क की वसूली को लेकर एक बार फिर नगर निगम की एजेंसी और ऑटो संघ के सदस्य आमने-सामने आ गए हैं. मंगलवार की सुबह वसूली को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. विवाद इतना बढ़ गया कि अंततः पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.
प्रति ऑटो 10 की वसूली पर विवाद
नगर निगम ने स्टेशन रोड में ऑटो पार्किंग शुल्क की वसूली की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी को सौंपी है. निगम के नियमानुसार, प्रति ऑटो रोजाना 10 रुपये पार्किंग शुल्क लेना तय किया गया है. मंगलवार की सुबह जब एजेंसी के कर्मी शुल्क वसूलने पहुंचे, तो वहां पहले से सक्रिय ऑटो संघ के सदस्यों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद ने बड़ा रूप ले लिया.
मौके पर तनाव, पुलिस कर रही हस्तक्षेप
सालों से पार्किंग स्थल पर अपना प्रभाव रखने वाले ऑटो संघ और नई वसूली एजेंसी के बीच तनातनी के कारण स्टेशन रोड में तनाव की स्थिति बनी हुई है. सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और नगर निगम के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई है ताकि विवाद का स्थायी समाधान निकाला जा सके.
यह भी पढे़ं: Muzaffarpur: ट्रिपल मौत से हड़कंप, महिला संग दो बच्चों का शव फंदे से लटका मिला
मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
