Muzaffarpur CM Visit: उत्तर बिहार के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मुजफ्फरपुर के विकास को आज नई रफ्तार मिलने जा रही है. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर के दौरे पर आ रहे हैं. अपने इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान मुख्यमंत्री शहर और जिले को कुल 1047.09 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि वाली 982 विभिन्न विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे. इन योजनाओं में स्मार्ट सिटी से लेकर नगर निगम और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन शामिल है.
हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, एमआईटी में होगी विशाल सभा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 11:30 बजे हेलीकॉप्टर के माध्यम से सीधे मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे. उनके आगमन को लेकर पुलिस लाइन में अस्थायी हेलीपैड का निर्माण किया गया है. मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम और विशाल जनसभा का आयोजन मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के मैदान में किया गया है. इस कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में आम लोग और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे, जिसे देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं.
स्मार्ट सिटी, मरीन ड्राइव कम्युनिटी हॉल और बोट क्लब का होगा उद्घाटन
इस महा-आयोजन में स्मार्ट सिटी और नगर निगम के तहत करीब 213.25 करोड़ रुपये की चार दर्जन से अधिक योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. इसमें शहरवासियों के लिए सबसे खास सिकंदरपुर लेक (मरीन ड्राइव) के पास बनकर तैयार हुआ अत्याधुनिक कम्युनिटी हॉल, ओपन एयर ऑडिटोरियम और बोट क्लब शामिल है, जिसका उद्घाटन आज मुख्यमंत्री करेंगे. इसके साथ ही शहर को जलजमाव की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के तहत 233.77 करोड़ रुपये की 3 बड़ी योजनाओं की नींव रखी जाएगी.
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत खुलेगा विकास का पिटारा
इस बड़े पैकेज में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना का सबसे बड़ा हिस्सा शामिल है. इसके अंतर्गत कुल 375.04 करोड़ रुपये की लागत वाली 669 योजनाओं तथा 225.03 करोड़ रुपये की लागत वाली 309 योजनाओं का संयुक्त रूप से शिलान्यास व उद्घाटन संपन्न होगा. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर डीएम कुमार गौरव व एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने शनिवार को ही संयुक्त रूप से एमआईटी सभा स्थल, पुलिस लाइन हेलीपैड और सिकंदरपुर मरीन ड्राइव का बारीकी से निरीक्षण कर सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए थे.
