Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला भवन के ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (Occupancy Certificate) के निर्गमन की प्रक्रिया आवश्यक अभिलेखों के अभाव में फिलहाल अटक गई है. नगर विकास प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने भवन स्वामी, आर्किटेक्ट और स्ट्रक्चरल इंजीनियर को पत्र जारी कर तीन दिनों के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
आवेदन और निरीक्षण में मिलीं कई कमियां
कार्यपालक अभियंता द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि संबंधित भवन (बीजी-6) के लिए ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट का आवेदन प्राप्त हुआ था. आवेदन की जांच और स्थल निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण कमियां सामने आईं, जिनका निराकरण किए बिना प्रमाण-पत्र जारी करना संभव नहीं होगा.
फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट और ऑडिट रिपोर्ट मांगी
विभाग के अनुसार भवन की ऊंचाई 15 मीटर से अधिक होने के कारण सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट तथा नवीनतम फायर सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट उपलब्ध कराना अनिवार्य है.
रेन वाटर हार्वेस्टिंग और अन्य प्रमाण भी जरूरी
स्थल निरीक्षण के दौरान भवन परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था नहीं मिली. इसके संबंध में प्रमाण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. साथ ही स्वीकृत भवन योजना के अनुरूप अधिकृत आर्किटेक्ट या स्ट्रक्चरल इंजीनियर द्वारा जारी कम्प्लीशन सर्टिफिकेट दोबारा प्रस्तुत करने को कहा गया है. विभाग ने वर्तमान प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले तकनीकी व्यक्ति के संबंध में भी स्पष्ट प्रमाण मांगा है.
सुपरविजन सर्टिफिकेट भी करना होगा प्रस्तुत
नगर विकास प्रमंडल ने भवन निर्माण की निगरानी से संबंधित सुपरविजन सर्टिफिकेट (फॉर्म-5) भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. सभी आवश्यक अभिलेख मिलने के बाद ही ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
