मुखिया अनिल चौबे का बड़ा बयान: बैरिया बस स्टैंड रंगदारी मामले में साजिश के तहत फंसाने का आरोप

कांटी के मुखिया अनिल चौबे ने प्रेस वार्ता कर खुद पर लगे रंगदारी के आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मुखिया अनिल चौबे: मुजफ्फरपुर जिले के कांटी प्रखंड अंतर्गत सदातपुर स्थित आवासीय कार्यालय में बुधवार को मुखिया अनिल चौबे ने प्रेस वार्ता आयोजित की. इस दौरान उन्होंने बैरिया बस स्टैंड से जुड़े हालिया विवाद पर अपनी स्थिति स्पष्ट की. मुखिया अनिल चौबे ने आरोप लगाया कि एक बार फिर उन्हें राजनीतिक षड्यंत्र के तहत झूठे मामले में घसीटने और छवि धूमिल करने की सोची-समझी साजिश रची जा रही है.

फर्जी भगिना बनकर रंगदारी मांगने का आरोप

मुखिया अनिल चौबे ने बताया कि उन्हें समाचार पत्रों और मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि कोई व्यक्ति खुद को उनका भगिना बताकर बैरिया बस स्टैंड पर रंगदारी मांग रहा है :

  • रिश्ते से किया इनकार : उन्होंने स्पष्ट किया कि रंगदारी के मामले में जिस व्यक्ति का नाम आ रहा है, उससे उनका दूर-दूर तक कोई खून का या पारिवारिक संबंध नहीं है.
  • अहियापुर थाने में दी शिकायत : इस फर्जीवाड़े और नाम का गलत इस्तेमाल करने के खिलाफ उन्होंने अहियापुर थाने में आधिकारिक आवेदन दिया है.
  • पारिवारिक स्थिति स्पष्ट की : उन्होंने कहा कि उनकी एक ही बहन है, जिनका एक बेटा डॉक्टर है और दूसरा बेटा सीए की तैयारी कर रहा है.

2019 से बस स्टैंड से कोई वास्ता नहीं

अनिल चौबे ने कहा कि वर्ष 2019 के बाद से ही उन्होंने बैरिया बस स्टैंड का कार्य पूरी तरह छोड़ दिया है. इसके बाद से उनका पूरा ध्यान केवल पंचायत के सर्वांगीण विकास और जनता की सेवा पर केंद्रित है. पैर में समस्या होने के बावजूद वे घर से ही पंचायत के विकास कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं.

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

उन्होंने आम जनता और पुलिस प्रशासन से किसी भी भ्रामक अफवाह या साजिश पर ध्यान न देने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी संदेह पर लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं. साथ ही पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर फर्जीवाड़ा करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.

प्रेस वार्ता में राहुल चौधरी, संजय पाठक, अविनाश सिंह, पवन चौबे, मेराज आलम, अकबर अली, अभिमन्यु, चंदन शर्मा और बीएन गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

ये भी पढें: शिक्षा और रोजगार के सवालों पर गरजी युवा आवाज: आइसा-आरवाईए के छात्र संवाद में उठी 10 हजार भत्ते की मांग

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार मिश्र

मनोज कुमार मिश्र को पत्रकारिता के क्षेत्र में 14 वर्षों का समृद्ध अनुभव है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >