Muzaffarpur News: राज्य के पूर्व मंत्री एवं कांटी विधायक अजीत कुमार ने मंगलवार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी से मुलाकात कर कांटी और मड़वन प्रखंड के राशन कार्ड से वंचित गरीब परिवारों की समस्या उठाई. उन्होंने दोनों प्रखंडों के 10 हजार गरीब परिवारों को नया राशन कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की.
राशन कार्ड से नाम कटने का उठाया मुद्दा
विधायक ने मंत्री को बताया कि कांटी और मड़वन प्रखंड में बड़ी संख्या में पात्र लोगों का नाम प्रशासन की ओर से राशन कार्ड सूची से हटा दिया गया है. उन्होंने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि आपूर्ति विभाग के अधिकारी इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे गरीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ज्ञापन सौंपकर की दो प्रमुख मांगें
विधायक अजीत कुमार ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि जिन पात्र लाभुकों का नाम राशन कार्ड से हटाया गया है, उसे दोबारा जोड़ा जाए. साथ ही कांटी विधानसभा क्षेत्र के कांटी और मड़वन प्रखंड के 10 हजार गरीब परिवारों को नए राशन कार्ड जारी किए जाएं.
मंत्री ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
विधायक की मांगों पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया.
