शराब तस्करों का नया तरीका फेल! कूलर के अंदर छिपाकर हो रही थी तस्करी, पुलिस ने पकड़ा

मुजफ्फरपुर के कांटी और पानापुर करियात थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों की तलाश जारी है।

मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2670 लीटर विदेशी शराब जब्त की है. पानापुर करियात थाना क्षेत्र के हरिदासपुर और कांटी थाना क्षेत्र के शेरना चौक पर हुई अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में शराब बरामद की. तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए शराब को 110 कूलरों के अंदर छिपाकर रखा था. मामले में एफआईआर दर्ज कर तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

कूलर के अंदर छिपाकर लाई जा रही थी शराब

एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि शराबबंदी कानून के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पानापुर करियात थाना पुलिस ने हरिदासपुर मिडिल स्कूल के पास एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर जांच की. तलाशी लेने पर कंटेनर में रखे 110 कूलरों के अंदर विदेशी शराब के कार्टन मिले.

पुलिस ने कंटेनर को थाने लाकर गिनती कराई, जिसमें 2056.32 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. इसके बाद कंटेनर, कूलर और शराब को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई.

झाड़ी से मिले शराब के कई कार्टन

इधर, कांटी थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष रविकांत पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शेरना चौक के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए शराब के कई कार्टन बरामद किए. गिनती के बाद यहां से 613.44 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.

तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस

एसडीपीओ ने बताया कि दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब शराब तस्करी में शामिल नेटवर्क की पहचान करने और फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए जिले में विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

मनोज कुमार मिश्र को पत्रकारिता के क्षेत्र में 14 वर्षों का समृद्ध अनुभव है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >