Firing In Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. राघोपुर गांव में दरवाजे पर सो रहे किसान अजीत राय (40) पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गंभीर रूप से घायल अजीत राय को इलाज के लिए बैरिया स्थित मां जानकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. परिजनों का आरोप है कि पांच साल पहले हुई उनके भाई की हत्या के मामले में गवाही रोकने के लिए यह हमला किया गया है.
दरवाजे पर सो रहे थे, तभी शुरू हो गई गोलीबारी
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 11 बजे अजीत राय घर के बाहर सो रहे थे. इसी दौरान हथियारबंद बदमाश पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी. हमले में अजीत राय को चार गोलियां लगीं. एक गोली उनके हाथ में फंस गई, जिससे हड्डी टूटकर बाहर निकल आई.
मां जानकी हॉस्पिटल के डॉक्टर अमृतांशु प्रांजल ने बताया कि घायल की काफी ब्लीडिंग हुई है. ऑपरेशन कर गोली निकालने की प्रक्रिया चल रही है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
भाई की हत्या केस में है मुख्य गवाह
घायल अजीत राय ने बताया कि करीब पांच साल पहले जमीन विवाद में उनके बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस मामले में वह वादी और मुख्य गवाह हैं. कोर्ट में केस का ट्रायल चल रहा है और कुछ गवाहों की गवाही भी हो चुकी है.
अजीत राय का दावा है कि उनकी गवाही तीन दिन बाद होने वाली थी. इसी कारण आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाया और केस उठाने का दबाव बनाने के लिए गोली मार दी.
पत्नी ने पड़ोसियों पर लगाया आरोप
घायल की पत्नी रीमा देवी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर पड़ोसियों से पुरानी रंजिश चल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि अभिषेक कुमार और बिट्टू कुमार समेत 10 से अधिक लोग हथियार लेकर पहुंचे और अजीत राय पर फायरिंग कर दी.
रीमा देवी का कहना है कि जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें भी गोली मारने की धमकी दी.
भागकर बचाई जान
अजीत राय ने बताया कि शुरुआती दो गोलियों का उन्हें एहसास नहीं हुआ. तीसरी गोली चलने पर वह घर की ओर भागने लगे. इसी दौरान बदमाशों ने तीन और गोलियां चलाईं. एक गोली उनके हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली सीने को छूते हुए निकल गई. उनका कहना है कि अगर वह भाग नहीं पाते तो उनकी हत्या हो सकती थी.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पांच हिरासत में
घटना की सूचना मिलने के बाद मीनापुर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं.
डीएसपी पूर्वी-1 अलय वत्स ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की बात सामने आई है. आरोपी और पीड़ित पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं. पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
