SKMCH के कोविड ICU में भर्ती मरीजों को चढ़ाई गई एक्सपायर स्लाइन, परिजनों ने काटा हंगामा

उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल SKMCH में कोविड ICU में भर्ती मरीजों को एक्सपायर डेक्सट्रोज स्लाइन चढ़ाने का गंभीर आरोप लगा है. परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर बदसलूकी और शिकायत न करने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है, जिससे अस्पताल में हंगामा मच गया.

SKMCH Muzaffarpur expired saline: उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल SKMCH के कोविड ICU में भर्ती मरीजों को एक्सपायर डेक्सट्रोज स्लाइन चढ़ाए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है. मरीजों के परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर एक्सपायर स्लाइन चढ़ाने का विरोध करने पर बदसलूकी करने और इसकी शिकायत न करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. इस लापरवाही के खुलासे के बाद अस्पताल परिसर में काफी हंगामा भी हुआ.

Muzaffarpur News: परिजनों ने लगाया एक्सपायर स्लाइन चढ़ाने और बदसलूकी का आरोप

सीतामढ़ी के बथनाहा थाना क्षेत्र के कोदरकट निवासी संजय सिंह की पत्नी निर्मला देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति को एक्सपायर डेक्सट्रोज स्लाइन चढ़ा दी गई. विरोध करने पर संबंधित कर्मी ने स्लाइन छीनकर फेंक दी और किसी को जानकारी न देने को कहा. वहीं, कन्हौली निवासी डौली देवी के परिजन धर्मेंद्र कुमार ने भी ICU में एक्सपायर स्लाइन दिए जाने की शिकायत की है.

फोटो डिलीट कराने और बाहर से दवाएं खरीदने का दबाव

डौली देवी के परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने एक्सपायर स्लाइन की तस्वीर अपने फोन में ली, तो अधिकारियों ने फोटो डिलीट करने का दबाव बनाया. परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें यह कहकर टरकाया गया कि एक्सपायर स्लाइन से कोई परेशानी नहीं होती है. इसके अलावा कोविड आईसीयू में जरूरी दवाएं न मिलने के कारण परिजनों को अपने पास से हजारों रुपये खर्च करके बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं.

ड्यूटी नर्स और कर्मियों का गैर जिम्मेदाराना रवैया

परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने ड्यूटी पर तैनात नर्सों से इस बात की शिकायत की, तो उनकी तरफ से यह गैर जिम्मेदाराना जवाब मिला कि अस्पताल में जो भी दवा या स्लाइन उपलब्ध होगी, मरीजों को वही चढ़ाई जाएगी. इस तरह के रवैये से मरीजों के तीमारदारों में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है.

अधीक्षक ने जांच और सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन

पूरे मामले को लेकर SKMCH के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने कहा कि उन्हें इस घटना की आधिकारिक जानकारी अभी नहीं मिली है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की पूरी जानकारी लेकर इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी. अधीक्षक ने कहा कि एक्सपायर दवाएं मरीजों तक कैसे पहुंचीं, इसकी तह तक जाकर जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें... NH पर अब Google Map बताएगा हादसों का ‘डेंजर जोन’, 200 मीटर पहले करेगा अलर्ट, आवाज के जरिए मिलेगी पूरी जानकारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar digital desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >