Muzaffarpur Liquor Seized: जिले में शराब माफियाओं के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने एक बार फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है.टीम ने जीरो माइल से सीतामढ़ी जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित रेस्टोरेंट कॉर्पोरेट होटल के समीप से भारी मात्रा में विदेशी बियर के साथ दो शातिर धंधेबाजों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के डकरामा निवासी मुख्य कारोबारी सूरज कुमार और रामपुर हरी निवासी ड्राइवर अभिषेक कुमार के रूप में की गई है.उत्पाद पुलिस ने इनके कब्जे से चार बड़े ट्रॉली बैगों में भरकर ले जाई जा रही कुल 90 लीटर विदेशी बियर बरामद की है.दोनों आरोपी एक रिजर्व ऑटो (टेम्पू) से इस खेप को ठिकाने लगाने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.उत्पाद इंस्पेक्टर राम प्रकाश राम ने इस सफल कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की है.
बंगाल से बस के जरिए लाए थे खेप, शादियों में होनी थी होम डिलीवरी
उत्पाद विभाग को पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार, बिहार में शादी समारोहों में शराब की मांग को पूरा करने के लिए यह माल मंगाया गया था.मुख्य धंधेबाज सूरज कुमार शादी-पार्टियों में एडवांस ऑर्डर लेकर शराब और बियर की होम डिलीवरी करता था.इस बार वह पश्चिम बंगाल से बियर की यह खेप लेकर आया था.तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए बियर की केन और बोतलों को चार बड़े ट्रॉली बैग में पैक किया था ताकि किसी को शक न हो.वे बंगाल से बस पकड़कर बैरिया बस स्टैंड पहुंचे और वहां से ऑटो रिजर्व कर सीतामढ़ी रोड होते हुए हथौड़ी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही धरे गए.पुलिस ने दोनों के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
दूसरी कार्रवाई: गोदाम पर छापेमारी कर 45 कार्टन विदेशी शराब जब्त
उत्पाद विभाग की टीम ने दूसरी बड़ी कार्रवाई शहर से सटे एक गुप्त गोदाम में छापेमारी कर की है.पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब माफियाओं ने एक गोदाम में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी है.सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने उक्त गोदाम में अचानक दबिश दी.इस दौरान गोदाम के भीतर से 45 कार्टन अवैध विदेशी शराब बरामद की गई.हालांकि, पुलिस के आने की भनक लगते ही धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहे.उत्पाद पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया है और फरार धंधेबाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें :झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तेज हवाओं के कारण शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
