डिग्री कॉलेज औराई: मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड अंतर्गत औराई बाजार सड़क स्थित मध्य विद्यालय प्रांगण में संचालित राजकीय डिग्री महाविद्यालय औराई में इंडक्शन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया. समारोह में सेमेस्टर प्रणाली, सीबीसीएस और चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम पर स्नातक स्तर के नवनामांकित छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. इस दौरान कॉलेज के प्राध्यापकों ने नए शैक्षणिक सत्र में नामांकित विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया.
ग्रामीण छात्राओं के लिए वरदान बना कॉलेज
समारोह के विशिष्ट अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रजनीश शंकर झा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के वास्तविक महत्व को रेखांकित किया :
- ज्ञान का माध्यम : उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का साधन नहीं है, बल्कि यह इंसान के भीतर ज्ञान, समझ और विवेक का विकास करती है.
- बेटियों के लिए वरदान : ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियों के उच्च शिक्षा के सपने को पूरा करने में यह डिग्री कॉलेज वरदान साबित हो रहा है.
- शिक्षकों का दायित्व : उन्होंने शिक्षकों से अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि एक सभ्य समाज और विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य का निर्माण हो सके.
चार वर्षीय स्नातक डिग्री की दी गई विस्तृत जानकारी
समारोह के मुख्य वक्ता लंगट सिंह कॉलेज (एलएस कॉलेज) के प्रोफेसर डॉ. राजीव कुमार ने सरकार द्वारा लागू की गई चार वर्षीय स्नातक डिग्री संरचना, क्रेडिट सिस्टम और सेमेस्टर परीक्षाओं के स्वरूप पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने छात्रों को बदलते वक्त की मांग के अनुसार कौशल विकास और निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार विश्वकर्मा ने की. मंच संचालन व धन्यवाद ज्ञापन आयोजन सचिव डॉ. सरोज कुमार ने किया. इस इंडक्शन मीट में कॉलेज के समस्त शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: तुर्की के भवानीपुर चौक पर वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प: लाठी-भाले चले, तीन बाइक जब्त और 16 नामजद
