DPS Teachers Day: मुजफ्फरपुर के दिल्ली पब्लिक स्कूल, मिठनपुरा में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक भव्य और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान महान शिक्षाविद् एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया तथा उनके आदर्शों को नमन किया गया. विद्यालय परिसर में शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच गजब का उत्साह देखने को मिला.
DPS Muzaffarpur: अध्यक्ष और निदेशक ने शिक्षकों की भूमिका को सराहा
विद्यालय के अध्यक्ष श्री देवांशु किशोर ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र का निर्माण भी करते हैं. निदेशक श्री प्रितीश किशोर ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र की आधारशिला है और शिक्षक इसके मुख्य स्तंभ हैं. उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जमकर सराहना की.
प्राचार्य ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रीता पराशर ने विद्यार्थियों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही. उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं. कार्यक्रम के दौरान गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर भी विशेष प्रकाश डाला गया.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने बटोरी सुर्खियां
कार्यक्रम का संचालन अनन्या, मन्नत, साक्षी और नव्या ने शिक्षिका अर्चना कुमारी के नेतृत्व में किया. कक्षा चार के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य और गायन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे. इस अवसर पर दुर्गा कुमारी, कशिश, गुंजन, स्नेहिता और आफरीन समेत कई शिक्षकों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.
