Muzaffarpur News: शहर के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल जवाहरलाल रोड स्थित हार्डवेयर मंडी में टूटा नाले का स्लैब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन गया है. मुख्य सड़क के बीचों-बीच स्लैब टूटने से गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
स्थानीय लोगों ने खुद संभाली जिम्मेदारी
प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय दुकानदारों ने खुले मैनहोल में एक लंबा बांस लगाकर वाहन चालकों और राहगीरों को सतर्क करने का प्रयास किया है, ताकि दूर से ही लोग खतरे को पहचान सकें.
यह भी पढ़ें: मुसहरी में बदहाल सड़क से राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें, रात में बढ़ रहा हादसों का खतरा
दिनभर रहती है भारी आवाजाही
हार्डवेयर मंडी की इस सड़क से दिनभर मालवाहक वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और हजारों राहगीरों का आवागमन होता है. ऐसे में सड़क के बीच बना खुला गड्ढा दुर्घटना की आशंका को बढ़ा रहा है. व्यापारियों का कहना है कि रात के समय यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है.
व्यापारियों ने उठाए सवाल
स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि शहर की सबसे व्यस्त मंडियों में शामिल होने के बावजूद बुनियादी नागरिक सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है. उनका कहना है कि संबंधित विभाग की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है.
तत्काल मरम्मत की मांग
व्यापारियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से टूटे स्लैब को तत्काल बदलने तथा नया कवर लगाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले समस्या का स्थायी समाधान हो सके.
