Insurance Scam: मुजफ्फरपुर शहर में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. ताजा मामलों में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो लोगों को साइबर ठगों ने अपना निशाना बनाया है. पहला मामला मिठनपुरा थाना क्षेत्र के विवेक विहार कॉलोनी का है. यहां रहने वाले नवीन कुमार को साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बनाया और उनके बैंक खाते से एक लाख तीस हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली.
Account Hack: यूपीआइ के जरिए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए गए पैसे
पीड़ित नवीन कुमार ने इस मामले में साइबर थाने में आधिकारिक प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों ने यूपीआइ (UPI) के माध्यम से उनके बैंक खाते से पैसे निकालकर अलग-अलग अज्ञात खातों में ट्रांसफर कर दिए हैं. घटना के बाद पीड़ित परिवार काफी चिंतित और परेशान है.
इंश्योरेंस के नाम पर लिंक भेजकर 81 हजार की ठगी
साइबर फ्रॉड का दूसरा मामला काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है. यहां पीड़ित अनिल कुमार को एक फर्जी इंश्योरेंस कराने के नाम पर मोबाइल पर संदिग्ध लिंक भेजा गया था. जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनके खाते से ठगों ने एक झटके में 81 हजार रुपये उड़ा लिए. इस मामले को लेकर भी संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है. पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.
