मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट
Constable Exam Muzaffarpur: केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा विशेष शाखा में सिपाही पदों पर बहाली के लिए 24 जून को मुजफ्फरपुर जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी.इस परीक्षा में कुल 10,854 परीक्षार्थी शामिल होंगे.परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.डीएम कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक कर तैनात सभी अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं.
दो पालियों में परीक्षा: सुबह 9 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में नो एंट्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी.पहले प्रश्न पत्र की परीक्षा सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरे प्रश्न पत्र की परीक्षा दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक होगी.सभी अभ्यर्थियों के लिए सुबह 8 बजे का रिपोर्टिंग टाइम तय किया गया है.परीक्षा शुरू होने से ठीक एक घंटे पहले यानी सुबह 9:00 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा.इसके बाद किसी भी परिस्थिति में अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा.दोनों पेपर खत्म होने से पहले किसी भी छात्र को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी.
कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा में धांधली और अफवाहों को रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव स्ट्रीमिंग समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष में होगी.जिला नियंत्रण कक्ष परीक्षा के दिन सुबह 7:00 बजे से ही एक्टिव हो जाएगा.परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की जाएगी.परीक्षा हॉल में मोबाइल, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, साधारण घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर के साथ-साथ व्हाइटनर, ब्लेड और इरेज़र ले जाने पर पूरी तरह रोक है.यदि किसी के पास प्रतिबंधित सामग्री मिलती है या कोई मुन्नाभाई पकड़ा जाता है, तो उस पर कानूनी कार्रवाई होगी और उसे हमेशा के लिए डिबार कर दिया जाएगा.
इन प्रमुख केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले के जिन 17 केंद्रों पर परीक्षा होनी है, उनमें प्रमुख रूप से एमडीडीएम कॉलेज, रामदयालु सिंह महाविद्यालय, एलएनटी कॉलेज, चैपमैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, आरबीबीएम कॉलेज, मारवाड़ी उच्च विद्यालय, रामेश्वर सिंह महाविद्यालय, एमपीएस साइंस कॉलेज और बीबी कॉलेजिएट शामिल हैं.
