बीएड नामांकन: दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी, तीसरी काउंसेलिंग सूची अगले सप्ताह होगी जारी

बिहार BEd प्रवेश प्रक्रिया के दूसरे चरण में 7,300 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया है. राज्य नोडल पदाधिकारी के अनुसार, तीसरी मेधा सूची अगले सप्ताह जारी की जाएगी. छूटे हुए अभ्यर्थियों को स्पॉट राउंड में एक और मौका मिल सकता है.

Bihar BEd Counseling: सीईटी-बीएड-2026 (CET-BEd-2026) के माध्यम से दो वर्षीय बीएड एवं शिक्षा शास्त्री पाठ्यक्रमों में द्वितीय मेधा सूची के आधार पर प्रवेश की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है. इस दूसरे चरण में राज्य भर के विभिन्न बीएड कॉलेजों में कुल 7,300 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन सुनिश्चित कराया है. सीईटी बीएड के राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो. संजय कुमार ने बताया कि दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब विभिन्न कॉलेजों में बची हुई रिक्त सीटों के लिए तीसरी काउंसेलिंग सूची अगले सप्ताह आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी.

चयन के बाद जमा करनी होगी तीन हजार रुपये पार्ट फीस

नोडल पदाधिकारी ने बताया कि तीसरी सूची जारी होने के बाद उसमें चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तीन हजार रुपये की पार्ट फीस ऑनलाइन मोड में जमा करनी होगी. फीस भुगतान करने के बाद ही अभ्यर्थियों को संबंधित आवंटित महाविद्यालय में जाकर अपने जरूरी दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) कराना होगा और नामांकन की अंतिम प्रक्रिया पूरी करनी होगी. जो अभ्यर्थी समय पर फीस जमा नहीं करेंगे, उनका दावा स्वतः समाप्त हो जाएगा.

पहले चरण में 19 हजार अभ्यर्थियों का हुआ था दाखिला

बताते चलें कि इससे पहले संपन्न हुए प्रथम चरण के दौरान राज्य भर में 19 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने बीएड कॉलेजों में नामांकन कराया था. प्रथम और द्वितीय चरण में जिन अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित किया गया था, लेकिन वे किसी कारणवश निर्धारित समय में नामांकन नहीं ले सके, उनका कॉलेज आवंटन तत्काल प्रभाव से स्वतः निरस्त (कैंसिल) कर दिया गया है. इन निरस्त हुई सभी सीटों को अब अगले चरण की काउंसेलिंग प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है.

छूटे हुए अभ्यर्थियों को तीसरी सूची के बाद मिलेगा अंतिम मौका

कॉलेज आवंटन के बाद भी नामांकन नहीं लेने वाले अभ्यर्थियों को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है. फिलहाल उनकी सीटों को शामिल करते हुए तीसरी मेधा सूची जारी की जा रही है. तीसरी सूची के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी यदि सीटें रिक्त रह जाती हैं, तो स्पॉट राउंड या विशेष काउंसेलिंग के जरिए छूटे हुए अभ्यर्थियों को एक अंतिम मौका दिया जाएगा. ऐसे अभ्यर्थी तीसरी सूची के दाखिले के बाद बची सीटों पर आवेदन कर सकेंगे. 

ये भी पढ़ें: बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी में एमआईटी का जलवा, छात्रों ने जीते यूनिवर्सिटी टॉपर समेत छह मेडल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

I have 16 years of journalism experience, working as a Bureau Chief at Prabhat Khabar muzaffarpur. My writing focuses on crime,political, social, and current topics.I have experience covering assembly and parliamentary elections reporting.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >