बीआरएबीयू परीक्षा शेड्यूल: बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू), मुजफ्फरपुर ने चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (एफवाईयूजी-सीबीसीएस) सत्र 2023-27 के छठे सेमेस्टर की परीक्षा 2026 के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने 5, 11 और 14 सितंबर को होने वाली परीक्षाओं को अपरिहार्य कारणों से स्थगित करते हुए नया संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है. परीक्षा नियंत्रक ने सभी अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों को आधिकारिक पत्र भेजकर इसकी सूचना दे दी है.
संशोधित तिथियां और परीक्षा की पालियां
जारी अधिसूचना के अनुसार स्थगित परीक्षाएं अब 18 सितंबर से 21 सितंबर 2026 के बीच संपन्न कराई जाएंगी. परीक्षाएं पूर्व निर्धारित दो पालियों में ही आयोजित होंगी :
- प्रथम पाली : सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होगी.
- द्वितीय पाली : दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेगी.
मेजर और माइनर कोर्स का नया शेड्यूल
विश्वविद्यालय द्वारा जारी संशोधित टाइम-टेबल के अनुसार विषयों की परीक्षाएं इस प्रकार होंगी :
- 18 सितंबर 2026 : पहली पाली में ग्रुप 'ए' (एमजेसी-10) तथा दूसरी पाली में ग्रुप 'बी' (एमजेसी-10) की परीक्षा ली जाएगी.
- 19 सितंबर 2026 : प्रथम पाली में ग्रुप 'सी' (एमजेसी-12) और द्वितीय पाली में ग्रुप 'डी' (एमजेसी-12) की परीक्षा होगी. (नोट: संगीत यानी म्यूजिक विषय के एमजेसी-12 पेपर की केवल प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जाएगी.)
- 21 सितंबर 2026 : पहली पाली में ग्रुप 'जी' (एमआईसी-7) और दूसरी पाली में ग्रुप 'एच' (एमआईसी-7) की परीक्षा होगी.
बहिष्कार या कदाचार पर दोबारा परीक्षा नहीं
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान कदाचार, वॉकआउट या परीक्षा बहिष्कार की स्थिति में किसी भी परिस्थिति में दोबारा परीक्षा नहीं ली जाएगी. कॉलेजों को निर्देश दिया गया है कि वे संशोधित कार्यक्रम की जानकारी तुरंत विद्यार्थियों तक पहुंचाएं.
ये भी पढ़ें: एलएनटी कॉलेज में छात्राओं को मिलेगा निःशुल्क ताइक्वांडो प्रशिक्षण: स्पोर्ट्स काउंसिल का गठन, योग और जिम की भी सुविधा
