मुजफ्फरपुर: संगठनात्मक मजबूती, किसानों की समस्याओं और भाजपा सरकार की ओर से किसान हित में चलायी जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामसुमिरन सिंह शुक्रवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे. मधुबन जगदीश कांटी स्थित भाजपा पश्चिमी जिला कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी और किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रितेश कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रामसुमिरन सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक फार्मर ID बनाने का काम किया जा रहा है, ताकि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि सीधे मिल सके.
खाद की कालाबाजारी रोकने को छापेमारी
रामसुमिरन सिंह ने कहा कि खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. किसानों को खाद की उपलब्धता में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार स्तर से निगरानी की जा रही है.
उन्होंने बताया कि किसानों के खेत की मिट्टी की जांच के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष वैन की व्यवस्था की गयी है. ये वैन गांव-गांव तक पहुंचकर मिट्टी की जांच करेंगी, जिससे किसानों को अपनी जमीन की गुणवत्ता के अनुसार खेती और उर्वरक के उपयोग में मदद मिलेगी.
संगठन को मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने और किसानों से जुड़े मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई. किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रितेश कुशवाहा ने की, जबकि मंच संचालन ओम प्रकाश ने किया.
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर तिरहुत किसान मोर्चा प्रभारी कुणाल, प्रदेश नेता सुमन सौरभ, निर्भय प्रताप सिंह, भाजपा पश्चिमी के जिला उपाध्यक्ष केशव चौबे, किसान मोर्चा जिला प्रभारी तेज नारायण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष ममता कुमारी, महिला जिलाध्यक्ष याचना शाही, किसान मोर्चा नेता देवांशु किशोर, महामंत्री कमलेश कुमार, उपाध्यक्ष खेमचंद कुशवाहा, प्रवक्ता प्रभाकर चौधरी, मीडिया प्रभारी विनय सिंह, प्रेमचंद सिंह, मीनापुर मंडल अध्यक्ष अमित चौधरी और मीनापुर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे.
अंत में धन्यवाद ज्ञापन भाजपा पश्चिमी जिला मंत्री बैजू कुशवाहा ने किया.
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर: DPS मिठनपुरा में जन्माष्टमी पर नन्हे कान्हा-राधा ने मोहा मन
