जमीन विवाद की पंचायत में खूनी संघर्ष: अहियापुर में सरपंच का सिर फोड़ा, दूसरे पक्ष ने लगाया बंधक बनाकर पीटने का आरोप

अहियापुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत हिंसक झड़प में बदल गई. इस दौरान सरपंच पर लोहे की रॉड से हमला कर सिर फोड़ने का आरोप है, जबकि दूसरे पक्ष ने बंधक बनाकर पीटने का दावा किया है.

जमीन विवाद झड़प: अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमालाबाद पंचायत में जमीन विवाद सुलझाने के लिए बैठी पंचायत अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई. दोनों पक्षों के बीच हुई भीषण मारपीट में जमालाबाद ग्राम कचहरी के सरपंच रामप्रवेश दास गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका सिर फट गया. वहीं इस झड़प में दूसरे पक्ष के लोग भी जख्मी हुए हैं. सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.

कागजात मांगने पर लोहे की रॉड से हमला: सरपंच

सरपंच रामप्रवेश दास ने अहियापुर थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि जमीन विवाद के निपटारे के लिए मुन्ना दास, ललन कुमार, अशोक दास और भरत कुमार उनके दरवाजे पर पहुंचे थे.

  • कागजात पर विवाद: सरपंच ने दोनों पक्षों से जमीन के दस्तावेज मांगे, लेकिन एक पक्ष ने कागजात पेश नहीं किए.
  • अगली तारीख पर आक्रोश: जब सरपंच ने दो दिन बाद कागजात लेकर आने को कहा, तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे.
  • जानलेवा वार: आरोप है कि मुन्ना दास और ललन कुमार ने लोहे की रॉड से हमला कर सरपंच का सिर फोड़ दिया. भाग रहे ललन को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा.

कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीटा: दूसरा पक्ष

वहीं दूसरे पक्ष के मुन्ना कुमार और उनके परिजनों ने सरपंच व उनके पुत्र मनीष कुमार पर बंधक बनाकर पीटने का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पुश्तैनी जमीन के मामले में सरपंच ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया था. आरोप के मुताबिक कागजात देखते ही सरपंच पक्ष उग्र हो गया और दोनों भाइयों को कमरे में बंद कर डंडों से जमकर पीटा. बीच-बचाव करने पहुंची महिला को भी चोटें आईं. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने दरवाजा खुलवाकर बंधकों को मुक्त कराया.

दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस कर रही जांच

अहियापुर पुलिस ने सरपंच के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. वहीं दूसरे पक्ष द्वारा दिए गए शिकायती आवेदन के आधार पर भी मामले की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: रील विवाद पर खूनी संघर्ष: छात्राओं के झगड़े में चले लाठी-डंडे, जनप्रतिनिधि के परिवार पर हमला, स्कॉर्पियो तोड़ी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >