BDO आनंद विभूति के पांच ठिकानों पर EOU का महाधावा: 1.71 करोड़ की अकूत संपत्ति उजागर, पत्नी के पहुंचते ही खुला ताला

आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) डॉ. आनंद कुमार विभूति के अकूत साम्राज्य पर धावा बोला है. उनकी ज्ञात आय से 1.71 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब संपत्ति का खुलासा हुआ है. EOU ने पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.

मुजफ्फरपुर बीडीओ छापेमारी: काली कमाई के कुबेरों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) का हंटर बेहद आक्रामक अंदाज में चला है. बहादुरपुर (दरभंगा) के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) डॉ. आनंद कुमार विभूति के अकूत साम्राज्य पर मंगलवार तड़के EOU की टीमों ने एक साथ भीषण सर्जिकल स्ट्राइक की. जांच एजेंसी के रडार पर आए BDO की कुल ज्ञात आय से 1,71,84,000 रुपये (करीब 1.71 करोड़ रुपये) की बेहिसाब संपत्ति का पर्दाफाश हुआ है, जो उनकी वैध कमाई से 121.87 प्रतिशत ज्यादा है. भ्रष्ट आचरण पर नकेल कसते हुए EOU ने स्पेशल थाने में कांड संख्या-21/26 दर्ज कर पांच ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है.

मुजफ्फरपुर में घर छोड़ भागे थे BDO, पत्नी के पहुंचते ही टूटा ताला

मंगलवार सुबह ठीक सात बजे जब डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में EOU का भारी अमला मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित बैरिया आदर्श ग्राम पहुंचा, तो वहां सन्नाटा पसरा था:

  • टीम की भनक लगते ही BDO आवास पर ताला जड़कर भूमिगत हो गए थे.
  • जांच अधिकारियों ने पीछे हटने के बजाय पूरे घर की सख्त घेराबंदी कर दी.
  • घंटों के कड़े इंतजार के बाद जब BDO की पत्नी मौके पर पहुंची, तब मुख्य दरवाजे का ताला खुला और टीम भीतर दाखिल हुई.

पटना निगरानी कोर्ट से वारंट लेकर 5 ठिकानों पर एक साथ बोला धावा

निगरानी कोर्ट से सर्च वारंट हासिल कर EOU की अलग-अलग टीमों ने BDO के रसूख वाले ठिकानों को एक साथ घेरा:

  • पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत लालबेगिया स्थित पैतृक हवेली.
  • पटना के दानापुर (आशोपुर) स्थित आलीशान 'साईं बिहार अपार्टमेंट' का फ्लैट नंबर 305.
  • दरभंगा के बहादुरपुर स्थित सरकारी कार्यालय और आवासीय परिसर.
  • मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित बैरिया आदर्श ग्राम का निजी आवास.

कांटी प्रखंड की पुरानी फाइलों और बेनामी संपत्तियों पर शिकंजा

मुजफ्फरपुर के कांटी में पदस्थापन के दौरान भी BDO वित्तीय धांधली और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे रहे थे. छापेमारी में जुटी टीमें जमीन-जायदाद के फर्जीवाड़े, बेनामी निवेश, बैंक खातों और लॉकरों के दस्तावेज जब्त कर रही हैं.

ये भी पढ़ें: बाउंड्री विवाद: विधायक के भाई को कोर्ट से राहत, 'नो कोर्सिव' आदेश के साथ टली गिरफ्तारी; धमकाने वाले दो आरोपितों ने किया सरेंडर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >