मुजफ्फरपुर: बहादुरपुर BDO के बैरिया आवास पर EOU का बड़ा छापा, आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई; पति-पत्नी गायब

आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बहादुरपुर प्रखंड के BDO डॉ. आनंद कुमार विभूति के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. मुजफ्फरपुर और दरभंगा में एक साथ हुई इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

मुजफ्फरपुर बीडीओ ईओयू: दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति के ठिकानों पर मंगलवार सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक साथ बड़ी कार्रवाई शुरू की है. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में ईओयू की विशेष टीम ने सुबह सात बजे मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित बैरिया आदर्श ग्राम रोड नंबर एक स्थित उनके निजी आवास पर धावा बोला. हालांकि, टीम के पहुंचते ही बीडीओ और उनकी पत्नी घर से नदारद मिले.

मुजफ्फरपुर और दरभंगा में एक साथ दबिश

बीडीओ के घर पर EOU की टीम, फोटो- प्रभात खबर

जांच एजेंसी ने भ्रष्टाचार के इस मामले में दो जिलों में एक साथ घेराबंदी की है:

  • मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित निजी आवास पर स्थानीय पुलिस के साथ गहन तलाशी अभियान जारी है.
  • दरभंगा के सैदनगर स्थित जमकपुरी इलाके में बीडीओ के किराए के मकान पर भी टीम ने एक साथ रेड की.
  • दोनों जिलों में एक साथ हुई इस सख्त कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में भारी हड़कंप मच गया है.

कांटी प्रखंड में तैनाती के दौरान भी लगे थे आरोप

बीडीओ विभूति आनंद की फाइल फोटो

डॉ. आनंद कुमार विभूति पूर्व में मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड में भी बीडीओ के पद पर पदस्थापित रह चुके हैं. कांटी में कार्यकाल के दौरान भी वे काफी विवादों में घिरे रहे थे. उन पर कई विकास योजनाओं में वित्तीय गड़बड़ियों और अनियमितताओं के इनपुट मिले थे. इन्हीं पुराने मामलों और इनपुट्स को आधार बनाकर ईओयू की टीम मुजफ्फरपुर से जुड़े संपत्ति के तारों को तलाश रही है.

संपत्ति और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही टीम

बैरिया स्थित आवास पर EOU की टीम, फोटो- प्रभात खबर

ईओयू के अधिकारी बंद कमरों और पूरे परिसर की सघन तलाशी ले रहे हैं:

  • घर से मिले जमीन-जायदाद के कागजात, बैंक पासबुक और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच हो रही है.
  • स्थानीय पड़ोसियों से भी बीडीओ और उनके परिवार के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है.
  • मुजफ्फरपुर पुलिस की तकनीकी सहायता से फरार बीडीओ और उनकी पत्नी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है.

अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही कुल काली कमाई का खुलासा किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: बाउंड्री विवाद: विधायक के भाई को कोर्ट से राहत, 'नो कोर्सिव' आदेश के साथ टली गिरफ्तारी; धमकाने वाले दो आरोपितों ने किया सरेंडर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >