मुजफ्फरपुर: काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के आमगोला पुल के नीचे सोमवार की शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली. चेन की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बतायी जा रही है. वारदात के बाद दोनों बदमाश तेज गति से बाइक चलाते हुए ओरियंट क्लब की ओर फरार हो गये.
पूजा कर पति के साथ ऑटो से उतरी थी महिला
जानकारी के अनुसार, आमगोला मोहल्ला निवासी विनोद भगत अपनी पत्नी रानी देवी के साथ गरीब स्थान मंदिर में पूजा करने गये थे. पूजा करने के बाद दोनों ऑटो से आमगोला पहुंचे. ऑटो से उतरने के दौरान ही बाइक सवार दो बदमाशों ने रानी देवी के गले से सोने की चेन झपट ली.
अचानक हुई घटना के बाद महिला शोर मचाने लगी. शोर सुनकर आसपास के कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ब्रह्मकुमारी वाली गली से होकर तेज गति से फरार हो गये.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है.
यह भी पढ़ें
चंदवारा पुल के पास मिट्टी का अवैध खनन, सरकार को 10.69 लाख रुपये के राजस्व का नुकसान
