मुजफ्फरपुर: शराब तस्करी के लिए धंधेबाज लगातार नये-नये तरीके अपना रहे हैं. अब तस्करों ने शराब छिपाने के लिए बच्चों की किताब-कॉपियों को भी जरिया बना लिया है. उत्पाद विभाग की कार्रवाई में अहियापुर थाना क्षेत्र के भिखनपुर में ऐसा मामला सामने आया, जहां कापियों के पन्ने काटकर उनके बीच शराब की 360 बोतलें छिपायी गयी थीं. उत्पाद विभाग ने ऑटो को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि ऑटो से शराब की खेप पहुंचाये जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर एएसआई राजा जन्मेजय के नेतृत्व में टीम ने भिखनपुर के पास घेराबंदी कर ऑटो को रोका और तलाशी ली.
तलाशी के दौरान ऑटो में बोरियों के बंडल में रखी कापियां बरामद हुईं. कापियों को देखने पर पहली नजर में कुछ संदिग्ध नहीं लगा, लेकिन बंडल खोलकर जांच करने पर शराब तस्करी का तरीका सामने आया.
कापियों के बीच काटकर बनाई थी जगह
जांच में पाया गया कि कापियों के बंडलों में पन्नों के बीच का हिस्सा काटकर उसमें 180 एमएल की प्लास्टिक की शराब की बोतलें फिट की गयी थीं. इसके बाद कापियों को इस तरह पैक किया गया था कि बाहर से देखने पर किसी को शराब छिपाये जाने का शक नहीं हो.
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सटीक सूचना के आधार पर बोरियों की जांच की गयी, जिसके बाद कापियों के बीच छिपायी गयी शराब की बोतलें बरामद हुईं.
ऑटो चालक गिरफ्तार, कांटी का रहने वाला है आरोपी
कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग ने ऑटो चालक सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार किया. वह कांटी का रहने वाला बताया गया है. उसके खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है और उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
उत्पाद विभाग अब गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रहा है, ताकि शराब की खेप के स्रोत और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी मिल सके.
शराब नकली होने का संदेह, सैंपल लैब भेजा
जब्त शराब की बोतलों पर उत्तर प्रदेश निर्मित लिखा हुआ है. हालांकि, उत्पाद विभाग की प्रारंभिक जांच में शराब के नकली होने का संदेह जताया गया है.
शराब की गुणवत्ता और उसमें किसी तरह की मिलावट की पुष्टि के लिए सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही शराब की वास्तविक गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.
उत्पाद विभाग गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और शराब मंगाने वाले धंधेबाजों की पहचान करने में जुटा है.
क्या कहते हैं उत्पाद इंस्पेक्टर
प्रकाश कुमार राम, उत्पाद इंस्पेक्टर ने कहा: “गुप्त सूचना के आधार पर ऑटो से 360 बोतल शराब बरामद की गयी है. तस्करों ने कापियों को काटकर उसमें शराब छिपा रखी थी. ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और शराब के सैंपल को लैब जांच के लिए भेजा जा रहा है.”
