मुजफ्फरपुर: मिठनपुरा में जुआ के अड्डे पर छापेमारी, 3.25 लाख नकदी के साथ 14 गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा क्षेत्र में पुलिस ने जुआ मामले में कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. पढ़ें पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के चकबासू मोहल्ले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कथित जुआ संचालन के मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से 3 लाख 25 हजार 200 रुपये नकद, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद करने का दावा किया है.

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मिठनपुरा थाना पुलिस को चकबासू मोहल्ले में जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी.

सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई. पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

नकदी और मोबाइल फोन बरामद

पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान 14 लोगों को हिरासत में लिया गया. तलाशी के दौरान 3,25,200 रुपये नकद, 14 मोबाइल फोन और 12 बंडल ताश के पत्ते बरामद किए गए.

हालांकि पुलिस ने बताया कि कथित मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं गिरफ्तार लोग

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोग मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं.

एसएसपी ने की पूछताछ

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की है. पूछताछ के दौरान कुछ अन्य लोगों से जुड़े सुराग मिलने की बात कही गई है.

पुलिस ने बताया कि अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ आगे भी विशेष अभियान जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >