मुजफ्फरपुर : मेडिकल ओवरब्रिज के नीचे से एक किलो चरस के साथ छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. सिटी एसपी पीके मंडल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की. सभी अपराधी मुजफ्फरपुर – सीतामढ़ी हाइवे पर लूटपाट करने के लिए जुटे थे.
सभी की पहचान अहियापुर के गणेशपुर निवासी नितेश कुमार उर्फ छोटू, बड़ा जगन्नाथ निवासी सौरभ कुमार उर्फ राजा , इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी रौशन कुमार , चकमोहम्मद निवासी रवींद्र कुमार, फतेहपुर निवासी नीरज कुमार और गायघाट थाना क्षेत्र के भूसरा निवासी सुमित कुमार के रूप में की गयी है. इनके पास से चार देशी कट्टा , एक देशी पिस्टल, नौ कारतूस भी बरामद किया गया है. ये अपराधी स्मैक व शराब कारोबार के साथ – साथ हाइवे पर लूट व छिनतई की वारदात को अंजाम देते थे.
एसएसपी जयंत कांत ने बताया कि शनिवार की रात गुप्त सूचना मिली की मेडिकल ओवरब्रिज के नीचे लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधी जुटे हुए हैं. सूचना के आलोक में सिटी एसपी व नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन करके छापेमारी की गयी. सभी अपराधियों को हथियार व चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया.
मोबाइल पर चलाता है स्मैक तस्करी का ग्रुप : अहियापुर थानेदार विकास राय ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी मोबाइल पर स्मैक तस्करी का ग्रुप चलाता है.
दो माह पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेजे गये नौ तस्करों की मोबाइल की जांच की गयी तो उनके मोबाइल में इनका नाम व नंबर सेभ था. ये अपराधी नेपाल के बॉर्डर इलाके से स्मैक तस्करी कर लाते हैं. और मोबाइल के माध्यम से इसको अलग- अलग जगहों पर सेल करते हैं.
पैसे के बंटबारे में सौरभ उर्फ राजा की हुई थी पिटाई : स्मैक कारोबार के पैसे के बंटबारे के लिए 20 दिन पहले गिरफ्तार
अपराधी सौरभ उर्फ राजा की उसके साथियों ने पिटाई कर दी थी. राजा ने इस मामले में अहियापुर थाने में अपने साथियों पर प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी. इसमें घर से खींचकर मारपीट करने का आरोप लगाया था.
गैस वेंडर की हत्या में सुमित से कटरा पुलिस ने की पूछताछ: लूटपाट के दौरान गैस वेंडर संजय सिंह की हत्या करने के मामले में कटरा थाने की पुलिस ने सुमित से अहियापुर थाने में पूछताछ की. हालांकि , पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को कुछ जानकारी नहीं दी.
बाजार समिति के पिकअप चालकों से करता था लूटपाट : पूछताछ के दौरान अपराधियों ने स्वीकार किया है कि बाजार समिति में बाहर से आनेवाले पिकअप चालकों को स्मैक व ड्रग्स खिलाकर उनके साथ लूटपाट करता था. चालक का मोबाइल व नकदी लूटकर उसको सड़क किनारे फेंक देता था.
सिटी एसपी के नेतृत्व में मेडिकल ओवरब्रिज के नीचे
की गयी कार्रवाई
स्मैक कारोबार व हाइवे पर लूटपाट करने में शामिल हैं सभी सभी अपराधी
गिरफ्तार अपराधियों के मोबाइल से पुलिस को मिले कई अहम सुराग
लीची गाछी अपराधियों का बना है सेफ जोन
स्मैक तस्करी का लीची गाछी सेफ जोन बना हुआ है. अपराधियों ने पुलिस को बताया कि थाना क्षेत्र के कई लीची के बगान में स्मैक तस्करों का अड्डा जमता है. वहां 120 से 200 रुपये में एक पुड़िया स्मैक बिकता है. पैसा कम पड़ने पर हाइवे पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते हैं.
