मुजफ्फरपुर : सीएए पर भ्रम न फैलाये विपक्ष : नित्यानंद

नागरिकता संशोधन कानून व एनआरसी पर पक्ष-विपक्ष की जुबानी जंग गृह राज्य मंत्री ने कहा शरणार्थियों के हक के लिए बनाया गया कानून मुजफ्फरपुर : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी का विरोध कर विपक्ष देश में ओछी राजनीति कर रही है. कांग्रेस, राजद, वाम दल […]

नागरिकता संशोधन कानून व एनआरसी पर पक्ष-विपक्ष की जुबानी जंग
गृह राज्य मंत्री ने कहा शरणार्थियों के हक के लिए बनाया गया कानून
मुजफ्फरपुर : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी का विरोध कर विपक्ष देश में ओछी राजनीति कर रही है. कांग्रेस, राजद, वाम दल व तृणमूल के नेताओं से कहा कि वे भ्रम नहीं फैलायें. सीएए किसी एक धर्म के लोगों के लिए नहीं लाया गया है. नागरिकता संशोधन कानून ने किसी भी देश के लोगों नागरिकता लेने से नहीं रोका है, बशर्ते वह कानून के तहत मौजूदा योग्यता को पूरा करें. राय ने गुरुवार को एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विपक्ष को विरोध की वजह भी तो बताये.
राय ने कहा कि जो दल इस कानून का विरोध कर रहे हैं, शायद वह अपना इतिहास भूल चुके हैं. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेहरू, इंदिरा गांधी, आदि नेताओं ने स्वीकारा था कि पाकिस्तान, बांग्लादेश से धार्मिक रूप से प्रताड़ित अल्पसंख्यकों को बेहतर जीवन के लिए भारत की नागरिकता देनी चाहिए.
अव्यवस्था फैलाने की हो रही साजिश : संजय
नरकटियागंज (पचं) : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सुशासन को देश में ध्वस्त करने की साजिश रची जा रही है. धारा 370 व राम मंदिर के पक्ष में फैसला आने के बाद वैसे लोग सक्रिय हो गये हैं, जिन्हें इस बात का डर है कि मोदी है, तो मुमकिन है.
ऐसे ही लोग पूरे देश में सीएए के विरोध में सुनियोजित षड्यंत्र रचकर केंद्र सरकार को बदनाम करने पर तुले हैं. वह एक होटल में सुशासन दिवस एवं सीएए पर आयोजित परिचर्चा व अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि नागरिकता बिल के नाम पर लोगों को जानबूझकर उकसाया जा रहा है़ विपक्ष के पास कहने को कुछ नहीं है, इसलिए लोगों को भड़का कर राजनीति कर रही है. गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में बताया था कि इस कानून से किसी भी देशवासियों को कोई नुकसान नहीं होगा.
बाल-बच्चों की हकमारी के लिए लाया गया है सीएए : उपेंद्र
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण). नागरिक संशोधन कानून बाल-बच्चों की हकमारी के लिए है. यह हिंदू-मुस्लिम की लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरे देशवासियों की लड़ाई है. विधेयक से सबों को नुकसान है. रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा गुरुवार को शहर में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे.
वह समझो-समझाओ, देश बचाओ यात्रा के तहत यहां पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि युवाओं की हकमारी करने की साजिश रची जा रही है. अपने देश के युवाओं को रोजगार जब नहीं मिल रहा है, तो विधेयक लाकर विदेशियों को हिस्सा कहां से देंगे. एनआरसी लाकर देश के गरीबों, पिछड़ों व अन्य समुदाय के लोगों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की साजिश रची जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >