मुजफ्फरपुर :सदर थानाक्षेत्र के एनएच-28 पर भिखनपुरा में बाइकर्स गैंग के अपराधियों ने बीएसएफ जवान का मोबाइल छीन लिया और भाग निकले. इस संबंध में भिखनपुरा श्रीरामपुरम निवासी जवान संजीव कुमार मिश्रा ने सदर थाने में शिकायत दर्ज करायी है. उन्होंने बताया कि उन्हें घर के निर्माण के लिए गिट्टी की आवश्यकता थी.
इसलिए वे गिट्टी खरीदने के लिए जा रहे थे. एनएच पर चढ़ते ही उनके मोबाइल पर कॉल आ गया. वे मोबाइल पर बात करते हुए आगे बढ़ रहे थे. कुछ दूरी पर बाइक सवार दो बदमाश खड़े थे. जैसे ही वे उनके पास पहुंचे, बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और भाग निकला. अपर थानेदार मधु मालती आजाद ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद की जा रही है.
