मुजफ्फरपुर : मुथूट फाइनेंस से 10 करोड़ के सोना लूटकांड में पुलिस ने तीनों लुटेरे सुभाष झा, अभिषेक व आलोक को रविवार को रिमांड पर ले लिया है.
कोर्ट के आदेश पर सदर थानेदार सह केस के आईओ सुनील कुमार रजक ने तीनों को शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा से हिरासत में लिया है. चार दिनों तक विशेष पुलिस टीम गायब 14 किलो सोना और फरार लुटेरा गिरोह के सरगना वीरेंद्र, विकास झा, अरमान समेत पांचों लुटेरों के बारे में पूछताछ करेगी.
अलग-अलग टीम ने शुरू की पूछताछ : एसआईटी, डीआईयू, सर्विलांस समेत जिला पुलिस की अलग-अलग विंग तीनों से लगातार पूछताछ कर रही है. फरार लुटेरा विकास झा के भाई सुभाष से विशेष टीम दर्जनों बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है. विकास झा के संरक्षणकर्ता व उसके साथियों के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है. एसएसपी मनोज कुमार, सिटी एसपी राकेश कुमार, एएसपी अभियान विमलेश चंद्र झा, नगर डीएसपी मुकुल कुमार रंजन समेत सभी बड़े पदाधिकारी तीनों से पूछताछ करेंगे.
किसलय का पता लगाने के लिए सिल्लीगुड़ी पुलिस से साधेगी संपर्क :
पुलिस ने घटना में लाइनर की भूमिका निभानेवाले वाले शातिर अपराधी किसलय का सुराग जुटाने के लिए सदर थाना क्षेत्र में अपनी दबिश बढ़ा दी है. पुलिस उसके रिश्तेदारों की भी कुंडली खंगाल रही है. पिछली बार घटना को अंजाम देने के बाद वह सिल्लीगुड़ी भाग निकला था. पुलिस उसके संरक्षक का पता लगाने के लिए जल्द सिल्लीगुड़ी पुलिस से भी संपर्क साधेगी. पुलिस टीम ने रिमांड पर लिये गये सुभाष समेत तीनों की निशानदेही पर कार्रवाई शुरू कर दी है. वीरेंद्र, विकास झा व सुभाष के दिल्ली में होने व अन्य गिरोह के शातिरों को वैशाली व समस्तीपुर में छुपे होने की बात सामने आयी है.
पुलिस सरगना समेत तीनों का सुराग जुटाने के लिए लगातार दिल्ली पुलिस के संपर्क में है. लेकिन, अभी तक तीनों का पुख्ता ट्रेस पुलिस को नहीं मिल पायी है.
