मुजफ्फरपुर : बनारस बैंक चौक पर शनिवार की रात पैसे मांगने पर मिठाई दुकानदार की पिटाई की दी गयी.इसको लेकर दो पक्षों में तनाव उत्पन्न हो गया.
पुलिस के विलंब से पहुंचने पर सैकड़ों की संख्या में कमरा मुहल्ला के लोग सड़क पर उतरकर मारपीट के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे. माहौल बिगड़ते ही चौक के सभी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों का शटर गिरा दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हमला करनेवाले दोनों आरोपितों को पकड़ जमकर पिटाई कर दी.
तनाव की स्थिति को देखते हुए एसडीओ पूर्वी कुंदन कुमार, नगर डीएसपी मुकुल कुमार रंजन पांच थानों की पुलिस व क्यूआरटी के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस टीम ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया. नगर डीएसपी मुकुल रंजन ने मारपीट के आरोपित युवक के घर पर जाकर भी छानबीन की. इसके बाद उनको पुलिस द्वारा पकड़े जाने की सूचना मिलने के बाद माहौल शांत हुआ.
देर रात तक तनाव की स्थिति को देखते हुए क्यूआरटी व नगर थाने की पुलिस मौके पर कैंप कर रही हैं. मामले में देर रात तक प्राथमिकी की कवायद जारी थी. लकड़ीढाई निवासी मिठाई दुकानदार संजीव कुमार ने पुलिस को बताया कि बनारस बैंक चौक पर उसकी विक्की स्वीट के नाम से दुकान है. शनिवार की शाम करीब सात बजे आरोपित मो रिक्की नाश्ता किया. पैसा मांगने पर बम मारने की धमकी देते हुए मारने लगा. गल्ले में रखे रुपये लूट ली.
देर से पुलिस के पहुंचने पर भड़के लोग
मिठाई दुकानदार के साथ मारपीट के बाद बनारस बैंक चौक पर कमरा मुहल्ला, लकड़ीढाई, नई बाजार से काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी. आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर वे लगातार हंगामा कर रहे थे.घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस पहुंची तो लोग आक्रोशित होकर नारेबाजी शुरू कर दी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया.
दो पक्षों में विवाद हुई है. एक युवक को चोट लगी है. उसका इलाज कराया जा रहा है. मारपीट करने वाले युवक को हिरासत में लिया गया है. उसके नशे में होने की बात कही जा रही है. जिसकी जांच की जा रही है. फिलहाल लोगों को समझाकर विवाद को शांत करा दिया गया है.
मुकुल कुमार रंजन, नगर डीएसपी
