मुजफ्फरपुर में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दिया है. घटना सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज इलाके की है. ये घटना बालू-गिट्टी के व्यवसायी के घर पर हुई है. बताया जा रहा है कि घर पर व्यवसायी की 20 वर्षीय बेटी अपनी बुजुर्ग दादी के साथ घर पर थी. इस दौरान दोपहर में घर में दो लोग चायपत्ती बेचने के बहाने आए. किशोरी ने मना किया तो उनमें से एक व्यक्ति ने पानी पीने के लिए मांगा. जबतक लड़की उसे पानी लाकर देती तब तक दोनों अपराधी घर में जबरदस्ती घुस गए और लूट की घटना को अंजाम दिया.
40 लाख के जेवर और 10 लाख के कैश ले उड़े अपराधी
पुलिस के अनुसार बालू-गिट्टी के व्यवसायी नलिन रंजन की मृत्यु कुछ वक्त पहले हो गयी थी. इसके बाद से उनकी पत्नी सविता रंजन पूरा व्यापार देखती है. उनकी दुकान कांटी रोड पर स्थित है. घटना के वक्त वो घर पर नहीं थी. उनकी सास की उम्र 95 वर्ष से ज्यादा है. ऐसे में अपराधियों के लिए ये घर सॉफ्ट टारगेट था. डकैती में 40 लाख के गहने और 10 लाख के कैश के साथ अपराधी जमीन के कागज भी लेकर भाग गए. दिनदहाड़े डकैती की घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है. हालांकि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
पहले से रेकी कर रहे थे अपराधी
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि अपराधियों ने सविता रंजन के घर की काफी रेकी करने के बाद घटना को इंजाम दिया है. अपराधियों ने ठीक उस वक्त घर पर धावा बोला जब घर में केवल किशोरी और बुजुर्ग महिला थी. हालांकि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने की कोशिश कर रही है. साथ ही, घर और पड़ोसियों से मामले में जानकारी ले रही है. घटना के बाद सविता के घर के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गयी.
