मुंगेर विश्वविद्यालय के समीप स्थित आरडी एंड डीजे कॉलेज के ऐतिहासिक राजेंद्र मंच पर 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया. मुख्य समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार ने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. इसके उपरांत विश्वविद्यालय के कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में छात्राओं ने सुमधुर स्वर में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया.
एनसीसी कैडेटों ने निकाली भव्य परेड, दिया गार्ड ऑफ ऑनर
झंडोत्तोलन से पूर्व एनसीसी कैडेटों द्वारा भव्य और अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया गया.
कैडेटों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. इस शानदार परेड का नेतृत्व एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. प्रभाकर पोद्दार ने किया.
'विद्यार्थियों की सुविधा के लिए खुले एक्सटेंशन काउंटर व छात्र दरबार': कुलपति
समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. संजय कुमार ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की प्राथमिकताओं को साझा किया.
उन्होंने कहा कि मुंगेर विश्वविद्यालय का कार्यक्षेत्र मुंगेर, लखीसराय, खगड़िया, जमुई और शेखपुरा तक फैला हुआ है. दूर-दराज के विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए सभी पांचों जिलों में एक्सटेंशन काउंटर शुरू किए गए हैं, जो छात्रों के लिए काफी सुविधाजनक साबित हो रहे हैं.
इसके साथ ही समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विश्वविद्यालय में 'छात्र दरबार' की पहल की गई है, जिससे विद्यार्थी अपनी शिकायतें सीधे विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष रख पा रहे हैं.
शिक्षक-कर्मियों की प्रोन्नति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
कुलपति ने बताया कि प्रशासनिक व शैक्षणिक सुधार के तहत 150 से अधिक शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.
वहीं 80 शिक्षकों की प्रोन्नति और वेतन निर्धारण का कार्य संपन्न हुआ है, जबकि 70 अन्य शिक्षकों की प्रोन्नति प्रक्रियाधीन है. इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार सीनेट चुनाव भी सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए.
शोध और शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए पिछले वर्ष 51 नियमित शिक्षक और 89 अतिथि शिक्षक अंगीभूत कॉलेजों को मिले हैं. साथ ही 9 प्राचार्यों की विभिन्न कॉलेजों में तैनाती की गई है और पीजी विभागों में वरीयता के आधार पर पदों का पदस्थापन कर दिया गया है. विश्वविद्यालय क्षेत्र के 20 प्रखंडों में खुले राजकीय डिग्री कॉलेजों में बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग से 185 से अधिक शिक्षक प्राप्त हुए हैं.
समारोह में विश्वविद्यालय के आला अधिकारी रहे उपस्थित
स्वतंत्रता दिवस के इस गरिमामय आयोजन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के तमाम प्रमुख पदाधिकारी एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे.
समारोह में मुख्य रूप से डीएसडब्ल्यू प्रो. महेश्वर मिश्रा, कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दशरथ प्रजापति, प्रो. भवेश चंद्र पांडेय, प्रो. देवराज सुमन, प्रो. जीसी पांडेय, डॉ. प्रियरंजन तिवारी और डॉ. श्याम कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मी मौजूद थे.
