बरियारपुर में 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन तार टूटने से रेलवे कर्मचारी चाचा व बिहार पुलिस जवान भतीजे की मौत

High Voltage Electrocution : मुंगेर जिले में सावन के पावन महीने में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक की तैयारी कर रहे थे.

High Voltage Electrocution : सावन के पावन महीने में मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में रविवार सुबह चाचा-भतीजे की करंट लगने से मौत हो गई. घर के समीप ट्रांसफॉर्मर के पास 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार अचानक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया.

मृतकों की पहचान रतनपुर निवासी पंकज कुमार और उनके भतीजे अमन कुमार के रूप में हुई है. अमन कुमार बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर समस्तीपुर में कार्यरत थे, जबकि पंकज कुमार भारतीय रेलवे में कर्मचारी थे.

बाबाधाम जाने की थी तैयारी

परिजनों ने बताया कि अमन कुमार दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आए थे. सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने की उनकी तैयारी थी. रविवार शाम उन्हें बाबाधाम के लिए रवाना होना था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया. इससे पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं.

तार टूटते ही मची अफरातफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार सुबह दोनों घर के पास मौजूद थे. इसी दौरान ट्रांसफॉर्मर के समीप से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया. दोनों उसकी चपेट में आ गए. करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए.

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइन की नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ. ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

पूरे गांव में शोक का माहौल

एक ही परिवार के दो कमाऊ सदस्यों की असमय मौत से रतनपुर गांव में शोक की लहर है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली विभाग समय पर लाइन की निगरानी करता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था. अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मिलने वाली सहायता पर टिकी हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >