तीन नवंबर को शिक्षक का अपरहण कर पांच नवंबर को पेट में मारी गयी थी गोली
लखीसराय जिले के नवाबगंज का रहने वाला है सुधांशु, मुंगेर के घटवारी में है शिक्षक
मुंगेर. लखीसराय जिले के नवाबगंज से मुंगेर जिले के नक्सल प्रभावित घटवारी आ रहे शिक्षक सुधांशु कुमार का तीन नवंबर को अपहरण करने के बाद पांच नवंबर को बसोनी जंगल में उसे पेट में गोली मारी गयी थी. जिसका इलाज तत्काल लखीसराय सदर अस्पताल में चल रहा है. इस मामले में शिक्षक की सखोल निवासी प्रेमिका के पिता पूर्व नक्सली योगेंद्र कोड़ा एवं जमुई जिले के बरहट निवासी पति कमलेश कोड़ा को लड़ैयाटांड पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया.
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि लखीसराय जिले के पीरीबाजार थाना से एक जीरो एफआइआर जिले के लड़ैयाटांड थाने आया था, जिसका सूचक लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के नवाबगंज निवासी सुधांशु कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी ने दी थी. जिसमें उसने कहा कि उसका पति राजकीय बुनियादी विद्यालय घटवारी में शिक्षक है, जिनका घर से स्कूल जाने के क्रम में अपहरण कर लिया गया. उसने सखोल के योगेंद्र कोड़ा सहित कुछ लोगों पर अपहरण की शिकायत दर्ज करायी थी. पीरीबाजार से मिले आवेदन पर लड़ैयाटांड थाने में पांच नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की गयी. इसी दौरान लखीसराय जिले के एसपी ने फोन कर बताया कि अपहृत शिक्षक गोली से घायल है और उसका इलाज लखीसराय सदर अस्पताल में चल रहा है.घायल का लखीसराय सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
एसपी ने बताया कि लड़ैयाटांड थाना पुलिस छह नवंबर को ही लखीसराय सदर अस्पताल पहुंची, जहां गोली से घायल शिक्षक का बयान दर्ज किया गया. घायल शिक्षक ने बताया कि लड़ैयाटांड थाना क्षेत्र के सखोल गांव निवासी योगेंद्र कोड़ा एवं उसके दामाद जमुई जिले के बरहट निवासी कमलेश कोड़ा ने स्कूल जाने के क्रम में अपहरण कर अज्ञात स्थान पर बंधक बना कर रखा. पांच नवंबर की सुबह 10-11 बजे बसोनी जंगल में पेट में गोली मारी और वहीं पर छोड़ दिया. किसी तरह वहां से निकल कर लखीसराय पहुंचा और परिजनों ने इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.प्रेम प्रसंग में घटना को दिया गया अंजाम
एसपी ने बताया कि घायल सुधांशु घटवारी में शिक्षक है, जिसका सखोल गांव निवासी योगेंद्र कोड़ा की ब्याहता बेटी से प्रेम प्रसंग चल रहा था. जिसके कारण प्रेमिका के पिता व पति ने मिलकर शिक्षक का अपहरण कर उसे गोली मार दी. लड़ैयाटांड थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को सखोल निवासी प्रेमिका के पिता योगेंद्र कोड़ा एवं जमुई निवासी प्रेमिका के पति कमलेश कोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
