दामाद का सहकर्मी महिला दारोगा से संपर्क का परिजनों ने किया खुलासा, जांच में जुटी पुलिस
मुंगेर. सफियासराय थाना में पदस्थापित दारोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी ने पति के ही सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी, लेकिन समस्तीपुर से पहुंचे मृतका के पिता रंजीत कुमार ने सफियासराय थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया. इसके बाद पुलिस ने एसआइ चंदन को गिरफ्तार कर लिया. मेडिकल बोर्ड की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसमें पाया गया कि बाई तरफ सीने में गोली लगी और दाहिने तरफ पीठ के पास से निकल गयी थी.बताया जाता है कि शनिवार की शाम सफियासराय थाना में तैनात एसआइ चंदन कुमार की पत्नी ने थाने से कुछ दूर स्थित बिजली ऑफिस के बगल में अपने किराये के घर में पति के सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली थी. पति उसे इलाज के लिए जब सफियासराय स्थित मुंगेर इमरजेंसी अस्पताल ले गये तो वहां चिकित्सकों ने मधु को मृत घोषित कर दिया. सफियासराय थाना से मिली सूचना पर समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के बिथान गांव निवासी मृतका के पिता रंजीत कुमार, मां पिंकी देवी, भाई विकास कुमार परिजनों के साथ घटना वाली रात शनिवार को ही सफियासराय स्थित मुंगेर इमरजेंसी अस्पताल पहुंच गये. सभी का रो-रो कर बुरा हाल था. मृतका के पिता रंजीत कुमार ने सफियासरासय थाना में लिखित शिकायत की है. इसमें उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व उसकी बेटी मधु की शादी बेतिया निवासी एसआइ चंदन कुमार के साथ हुआ था. शादी के बाद से ही चंदन हमेशा दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को प्रताड़ित करता था. इतना ही नहीं उसके दामाद का मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना में तैनात महिला पुलिस पदाधिकारी से संपर्क था. इसका मेरी बेटी विरोध करती थी. इस कारण दामाद ने उसकी बेटी की गोली मार कर हत्या कर दी.
कहते हैं एसपी
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मृतका के पिता रंजीत कुमार के बयान पर सफियासराय थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. अरोपित पति एसआइ चंदन को गिरफ्तार कर लिया गया है. जिस महिला दारोगा पर संपर्क होने की बात प्राथमिकी में कही गयी है. उस महिला दारोगा के भूमिका की जांच की जा रही है. मेडिकल बोर्ड गठित कर बॉडी का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मधु की मौत के हर बिंदु पर जांच कर रही है.
